छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोपों में घिरे जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के बर्खास्त प्रोफेसर एवं कांग्रेस के लोकसभा सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली पुलिस ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत के आधार पर एक प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की है। यह एफआईआर 11 अक्तूबर 2026 को वसंत कुंज नॉर्थ पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धारा 75, 75(1)(i), 75(1)(iv) और 79 के तहत दर्ज की गई है। एफआईआर के विवरण में कांग्रेस के लोकसभा सांसद और जेएनयू के प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम का नाम शामिल है। इस मामले में जांच जारी है।
बता दें कि अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर 11 छात्राओं ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। विश्वविद्यालय ने आंतरिक जांच के बाद उन्हें बर्खास्त कर दिया। विश्वविद्यालय की इंटरनल कमिटी (आईसी) की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई। वहीं, प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजाम ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया था।
कांग्रेस दफ्तर के बाहर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन
भाजपा महिला मोर्चा ने दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया और इनर मणिपुर से कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि कांग्रेस इस मामले पर चुप क्यों है। कांग्रेस सांसद पर गंभीर आरोप लगे हैं। कांग्रेस ने अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की है। बांसुरी स्वराज ने कहा, '11 छात्राओं ने कांग्रेस के मणिपुर से सांसद के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया जिसे कमेटी ने सच पाया। इसलिए उनको नौकरी से बर्खास्त किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी इस पर चुप क्यों हैं?'
वहीं, भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा, 'आज देशभर में हर जिला मुख्यालय पर बेटियां सड़कों पर निकली हैं। 11 बेटियों पर कांग्रेस के सांसद ने यौन उत्पीड़न किया है उसके खिलाफ आज बेटियों की ये हुंकार है कि राहुल गांधी ने उस यौन शोषण करने वाले को शरण दे रखी है।'
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा, 'आज दिल्ली की महिलाएं राहुल गांधी से पूछने आई हैं कि उनका मणिपुर का सांसद जो जेएनयू में प्रोफेसर था वहां की 11 बच्चियों ने उसके खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है जो कि वहां की एक कमेटी ने सिद्ध पाया और उसको जेएनयू से बाहर निकाला। महिलाएं पूछने आई हैं कि दिल्ली में महिलाएं कांग्रेस के हाथ से अपमानित हो रही हैं उस पर कांग्रेस चुप क्यों है?'