दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने क्रिप्टो करेंसी खरीदने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। एक कारोबारी से पांच लाख की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अतुल मीणा, जगमोहन मीणा, नरेंद्र कुमार मीणा और मनीष मीणा के रूप में हुई है। पुलिस ने पीड़ित की ठगी गई पूरी रकम वापस करा दी है।
पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि साइबर थाने में दो जुलाई को इस संबंध में मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि छह जून को उसने बाइनेंस (क्रिप्टो करेंसी खरीदने व बेचने के लिए ऑनलाइन मंच) पर यूएसडीटी बेचने का ऑर्डर दिया था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने खरीदार बनकर उससे संपर्क किया। इसके बाद वह बातचीत सोशल मीडिया एप के जरिये करने लगा। आरोपी ने फिशिंग लिंक के जरिये उसके क्रिप्टो करेंसी वॉलेट से 4,985 यूएसडीटी निकाल लिए, जिनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये थी।
अलवर से चल रहा था ठगी का खेल
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गिरोह राजस्थान के अलवर से संचालित हो रहा था। आरोपी आसपास के गांवों के युवकों को मुनाफे में हिस्सेदारी का लालच देकर अपने साथ जोड़ते थे। ये युवक दूसरे लोगों से बाइनेंस के खाते किराये पर लेते थे और क्रिप्टो करेंसी बेचने के इच्छुक लोगों को तलाशने के लिए सोशल मीडिया पर विज्ञापन डालते थे। किसी कारोबारी के संपर्क करने पर उसका मोबाइल नंबर मुख्य आरोपी अतुल मीणा को दे दिया जाता था। वह खरीदार बनकर उससे बातचीत करता और फर्जी लिंक भेजकर उसके वॉलेट से क्रिप्टो करेंसी निकाल लेता था।
मुख्य आरोपी को धौला कुआं से पकड़ा
पुलिस ने पहले अलवर में छापा मारकर नकदी और अन्य सामान बरामद किया। इसके बाद जयपुर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मुख्य आरोपी अतुल को दिल्ली के धौला कुआं के पास से पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.62 लाख रुपये नकद, 11 मोबाइल फोन, एक आईपैड, एक वाई-फाई राउटर और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं।