दिल्ली पुलिस के डीसीपी ईश सिंघल की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनकी रिपोर्ट आज ही आई है। इसके बाद डीसीपी ऑफिस को सील कर सैनिटाइज किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार डीसीपी इस वक्त होम आइसोलेशन में हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीन कर्मचारियों को होम आइसोलेशन में भेज दिया गया है। हालांकि अब तक उनके संक्रमण के स्त्रोत का पता नहीं लग पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि किसी एसीपी रैंक के अधिकारी से संपर्क में आने के कारण संक्रमण फैला है।
मालूम हो कि इससे पहले दिल्ली पुलिस के दो आईपीएस अधिकारी भी कोरोना संक्रमित पाए जा चुके हैं। अब तक दिल्ली में 800 से भी अधिक पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।
दिल्ली पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव ने पहले ही कहा था कि जैसे जैसे दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ेंगे, वैसे ही पुलिसकर्मियों के बीच भी संक्रमण का खतरा बढ़ जाएगा, लेकिन यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि यह महामारी हमारे मनोबल को प्रभावित न करे और इसका कोई घातक परिणाम न हो।