दिल्ली पुलिस के सिपाही जगबीर सिंह के परिजनों को सरकार एक करोड़ रुपये की सहायता राशि देगी। उपराज्यपाल नजीब जंग ने बुधवार को सिपाही को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इस राशि की घोषणा की है।
बदमाशों की गोली के शिकार होने वाले जवानों के परिजनों को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि देने की शुरुआत आम आदमी पार्टी की सरकार में की गई थी।
उपराज्यपाल ने कहा है कि ‘मैं दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देता हूं जिसने देश की खातिर अपनी जान दे दी। आशा करता हूं कि उसके परिवार वाले इस अपूरणीय क्षति को शक्ति एवं धैर्य के साथ सहन करेंगे।’
उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी की सरकार के समय ड्यूटी पर बदमाशों के शिकार हुए जवानों के परिजनों को एक करोड़ रुपये की राशि दिए जाने का कैबिनेट प्रस्ताव पास हुआ था।
क्योंकि उससे पूर्व आबकारी विभाग में तैनात सिपाही विनोद कुमार को शराब तस्करों ने 27 दिसंबर, 2013 को घिटोरनी में पीट-पीटकर मार डाला था। उनके परिजनों एक करोड़ की पहली सहायता राशि दी गई थी।
‘परिवार के सदस्य को मिले नौकरी’
आम आदमी पार्टी का कहना है कि दिल्ली पुलिस के सिपाही जगबीर सिंह को एक करोड़ रुपये देने का उपराज्यपाल नजीब जंग का ऐलान सही दिशा में उठाया गया है। लेकिन इससे आंशिक राहत ही पीड़ित परिवार को मिल सकेगी।
पार्टी ने मांग की है कि दिल्ली प्रशासन को सिपाही के परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने के साथ उनके बच्चों की उचित देखभाल और पढ़ाई-लिखाई का इंतजाम करना चाहिए। इस बाबत नीति बनाई जानी चाहिए।