हरी झंडी दिखा सीपी ने किया रवाना
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 के अवसर पर ‘से नो टू ड्रग्स’ थीम के तहत आयोजित राष्ट्रव्यापी मोटरसाइकिल रैली के लिए दिल्ली पुलिस के बाइक दल को पुलिस मुख्यालय से रवाना किया गया। दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में दल को हरी झंडी दिखाई।
सीआरपीएफ के समन्वय में आयोजित इस रैली में दिल्ली पुलिस के अलावा उत्तरी क्षेत्र के राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों तथा अन्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के दल शामिल होंगे। रैली को 21 अक्टूबर को राष्ट्रीय पुलिस स्मारक से केंद्रीय गृह मंत्री औपचारिक रूप से रवाना करेंगे।
प्रतिभागी करीब 1,300 किलोमीटर की दूरी तय कर 25 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) पहुंचेंगे। रास्ते में जयपुर, अजमेर, उदयपुर और गांधीनगर में रात्रि विश्राम होगा। इस दौरान शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर ‘से नो टू ड्रग्स’ अभियान के तहत लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। दिल्ली पुलिस के दल में पांच मुख्य और तीन रिजर्व समेत आठ बाइक सवार शामिल हैं। 31 अक्टूबर को एकता नगर में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित मुख्य समारोह और एकता परेड में भी बाइक दल हिस्सा लेगा।