दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सोमवार को सुल्तानपुरी के कुख्यात अपराधी आरिफ इकराम को गिरफ्तार कर लिया है। इकराम दिल्ली के पंजाबी बाग मर्डर केस समेत अन्य तीन मामलों में का भी वांटेड अपराधी है। उसके ऊपर गवाहों को धमकाने, रंगदारी मांगने और अवैध हथियारों का इस्तेमाल करने के भी कई आरोप हैं।
इन मामलों से पहले भी इकराम हत्या, रंगदारी, डकैती समेत अन्य कई आपराधिक मामलों में सम्मिलित रह चुका है। आरिफ पर लगा ताजा आरोप दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में हुई मीट कारोबारी की हत्या के मामले का है।
पिछले दिनों नांगलोई के कैंप नंबर-2 में रहने वाले मीट कारोबारी सलीम कुरैशी इंद्रलोक से अपने घर आ रहे थे, जब पंजाबी बाग मादीपुर फ्लाइओवर के पास शाम हमलावरों ने उनकी कार को रुकवाकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं। हमले में सलीम के भाई रईस तो बच गए थे,लेकिन सलीम की मौत हो गई। पुलिस को जांच में पता चला कि सलीम के परिवार की मीट कारोबार से जुड़े किसी शख्स से रंजिश चल रही थी। बाद में खुलासा हुआ कि आरिफ ने हमला तो रईस पर किया था, लेकिन गोली उसके भाई सलीम को जा लगी थी, जो कार चला रहा था।