एयरपोर्ट पुलिस ने कॉल सेंटर चलाकर लोगों को एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी के आरोप में मामा-भांजा समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में कॉल सेंटर में काम करने वाली चार युवतियां भी शामिल हैं।
आरोपी समाचार पत्र में विज्ञापन देकर ठगी को अंजाम देता था। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपियों ने करीब हजार लोगों से करीब ढाई करोड़ रुपये की ठगी की है।
एयरपोर्ट पुलिस उपायुक्त संजय भाटिया ने बताया कि लखनऊ निवासी रजत वर्मा ने 14 जुलाई को आईजीआई थाने में ठगी की शिकायत दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता ने बताया कि 5 जुलाई को उसने एक अखबार में नौकरी का विज्ञापन देखा।
उसने विज्ञापन पर दिए नंबर पर संपर्क किया। प्रीति वर्मा नाम की युवती से बात हुई। युवती ने उसे एयरपोर्ट पर 40 हजार रुपये वेतनमान पर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया।