दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात कौशल चौधरी गिरोह के मुख्य शूटर, 22 वर्षीय कुलदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि कुलदीप बुराड़ी के बिजनेसमैन की हत्या की प्लानिंग कर रहा था।
आरोपी ने पंजाब में फायरिंग कर कारोबारी से पांच करोड़ की रंगदारी मांगी थी। पुलिस ने आरोपी के पास से एक पीएक्स-30 पिस्टल, 5 कारतूस और स्कूटी बरामद की है। अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने बताया कि राजधानी में संगठित अपराध, जबरन वसूली, हथियारों से लैस हमले और हथियारों के गैर-कानूनी इस्तेमाल की घटनाओं में बढ़ोतरी को देखते हुए बदमाशों की जानकारी जुटाई जा रही थी। इस दौरान टीम को शूटर कुलदीप सिंह की जानकारी मिली। बाद में 7 फरवरी को उसे दिल्ली के द्वारका से गिरफ्तार कर लिया गया।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सेक्टर-17, द्वारका के पास जाल बिछाया और आरोपी को चोरी की स्कूटी चलाते हुए पकड़ा। पुलिस ने कहा कि उसने भागने की कोशिश की लेकिन उसे तुरंत पकड़ लिया गया। वह गैंग का दबदबा बनाने और अपने एक्सटॉर्शन नेटवर्क को बढ़ाने के लिए बुराड़ी के एक बिजनेसमैन को मारने की प्लानिंग कर रहा था।
पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी से तीन मामले सुलझाने का दावा किया है। आरोपी कुलदीप ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2019 में प्रॉपर्टी विवाद की वजह से उसके पिता की हत्या के बाद उसने बीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई छोड़ दी। इसके बाद वह पवन शौकीन और कौशल चौधरी गैंग के संपर्क में आया। प्रदीप उर्फ बंटू ने उसे पवन शौकीन से मिलवाया। पवन शौकीन और गुरमीत पाजी के आदेश पर उसने प्रदीप, बनवारी लाल और घनश्याम के साथ मिलकर फरवरी 2024 में पंजाब के होशियारपुर में चावला क्लॉथ हाउस पंजाब पर गोलियां चलाईं और 5 करोड़ की रंगदारी मांगी। इस मामले में पंजाब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था, बाद में वह जमानत पर रिहा हो गया।