स्पेशल सेल के विशेष पुलिस उपायुक्त एचजीएस धालीवाल ने बताया कि एसीपी ललित मोहन नेगी को कुछ दिन पहले सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़ा जम्मू-कश्मीर का एक बड़ा वांछित आतंकवादी हथियार और गोला बारूद की खेप लेने दिल्ली-एनसीआर आएगा। सूचना पर स्लीपर सेल और हथियार सप्लायरों पर नजर रखी गई और खुफिया तंत्र को सक्रिय किया गया। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की सहायता ली गई। इसके बाद 4 जनवरी को विशेष सूचना मिली कि हिजबुल मुजाहिदीन का वांछित आतंकवादी ए++ श्रेणी का सोपोर जेएंडके निवासी जावेद अहमद मट्टू अपने सहयोगियों से हथियार और गोला बारूद लेने दिल्ली आएगा।
ये पाकिस्तान खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर दिल्ली में हथियार लेने आया। इस हथियारों से वह अपने पाकिस्तान स्थित हैंडलर के निर्देश पर जम्मू-कश्मीर और अन्य स्थानों पर कुछ आतंकी हमलों को अंजाम देगा। एसीपी ललित मोहन नेगी के नेतृत्व में इंस्पेक्टर अमित नारा आदि की टीम ने घेराबंदी कर निजामुद्दीन के पास डीएनडी से जावेद मट़्टू को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर अमित नारा की टीम ने इसके पास से 9 एमएम की एक स्टार पिस्टल, छह कारतूस, एक अतिरिक्त मैगजीन और चोरी की कार बरामद की। इस संबंध में पीएस स्पेशल सेल में उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। हालांकि दिल्ली में अभी इसके खिलाफ मामला दर्ज होने की बात सामने नहीं आई है।
खूंखार आतंकी है मट्टू
बारामूला के सोपोर के कुशल मट्टू निवासी जावेद अहमद मट्टू उर्फ इरसाद अहमद मल्ला उर्फ एहसान ने कॉलेज में पढ़ाई छोड़ दी थी। ये उत्तरी कश्मीर, विशेषकर सोपोर, जम्मू-कश्मीर के इलाके में सक्रिय हिजबुल मुजाहिदीन के सात खूंखार आतंकवादियों के गिरोह का सरगना है। वह पिछले 13 वर्षों से अपनी पकड़ से बचता रहा है। सुरक्षा बलों के साथ गोलीबारी में घायल होने के बाद वह भूमिगत हो गया था और पाक आईएसआई के निर्देश पर नेपाल भाग गया, क्योंकि जम्मू-कश्मीर पुलिस उसका पीछा कर रही थी। इसके पैर में गोली लगी थी। इसके बाद इसने आतंकी वारदात कम कर दी थीं।
इन आतंकी वारदातों में शामिल रहा
जावेद जम्मू-कश्मीर में 11 ज्ञात आतंकवादी हमलों में वांछित था और उस पर 10 लाख से अधिक का इनाम था। वह जम्मू-कश्मीर में पांच ग्रेनेड हमलों में शामिल रहा है। साथ ही पांच पुलिस कर्मियों की हत्या और कई पुलिस कर्मियों और आम नागरिकों को घायल करने में भी शामिल था। जावेद सोपोर में एक आईईडी विस्फोट में भी शामिल रहा है।