दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम यूनिट ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को धमकी भरे मेल भेजने और कांग्रेस मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरे मेल भेजने वाले आरोपी युवक उन्नाव, यूपी निवासी अभिषेक तिवारी(28) को गिरफ्तार किया है।
आरोपी को नाला सोपारा, मुंबई से गिरफ्तार किया है। उसने मुख्यमंत्री केजरीवाल को दो धमकी भरे मेल भेजे थे और कहा था कि 15 अगस्त से पहले मरने के लिए तैयार हो जाओ।
कांग्रेस मुख्यालय को उड़ाने की धमकी दी थी। आरोपी युवक ने मुंबई के नेताओं को भी धमकी भरे मेल भेजे थे। आरोपी ने धमकी भरे मेल अपने मोबाइल से भेजे थे।
साइबर क्राइम यूनिट डीसीपी अन्येश रॉय ने बताया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कार्यालय की तरफ से साइबर क्राइम यूनिट में धमकी भरे मेल मिलने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामला दर्जकर एसीपी रमन लांबा की देखरेख में इंस्पेक्टर मनोज, इंस्पेक्टर विजय गहलावत और सुनील धानकर की टीम ने तफ्तीश शुरू की।