शेख बाबर अली ने रोहिणी साइबर सेल में ठगी की शिकायत की। उन्होंने बताया कि उसने अपना बॉयोडाटा जॉब पोर्टल पर अपलोड किया था। पांच अप्रैल को उन्हें नौकरी के संबंध में मोबाइल पर एक मैसेज मिला। उसमें लिखे मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। उसे नौकरी की पेशकश की गई और रुपये का भुगतान करने के लिए कहा गया। आरोपी ने उसके व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजकर पंजीकरण के लिए 10 रुपये जमा करने के लिए कहा।
रुपये के भुगतान की प्रक्रिया के दौरान उसके बैंक खाते से 18 हजार रुपये की निकासी कर ली गई। मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच की और मोबाइल फोन के तकनीकी विश्लेषण के बाद संदिग्ध की पहचान कर ली। आरोपी मुराद नगर, गाजियाबाद, यूपी के इलाके से काम कर रहे थे। शनिवार को छापा मारकर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि यूट्यूब से ठगी का गुर सीखकर वारदात को अंजाम दे रहा था।