हिंसा प्रभावित शिव विहार तिराहे के पास दंगाइयों द्वारा शिकार बनाए गए राजधानी पब्लिक स्कूल में सोमवार को छठी से लेकर 11वीं तक के बच्चों ने परीक्षाएं दी। इस दौरान बच्चों के चेहरे पर हिंसा का खौफ साफ देखा जा सकता था। बच्चों के साथ अभिभावक भी स्कूल पहुंचे व परीक्षा खत्म होने तक बाहर ही रहे। वहीं, स्कूल के बाहर पुलिस व अर्द्धसैनिक बल के जवान भी तैनात रहे।
परीक्षा से दो दिन पहले ही स्कूल में पेरेंट्स टीचर मीटिंग में छात्रों की काउंसलिंग कर जिसमें उनके अंदर हिंसा से उत्पन्न हुए डर को खत्म करने की कोशिश की गई थी। अभिभावकों का कहना था कि जिस प्रकार स्कूल में हिंसा हुई है इससे स्कूली छात्रों पर काफी प्रभाव पड़ा है। यही कारण है कि बच्चे परीक्षा देने आने से पहले काफी घबराए हुए थे, हालांकि काफी समझाने के बाद बच्चे परीक्षा देने के लिए तैयार हुए गौरतलब है कि उत्तर पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा के दौरान दंगाइयों ने इसी स्कूल की छत से काफी उत्पात मचाया था।
इसके साथ ही स्कूल में भी तोड़फोड़ की थी हिंसा के बाद पुलिस को इसी स्कूल की छत से पत्थर पेट्रोल बम व बड़े गुलेल बरामद हुई थी जिसके बाद से पुलिस ने स्कूल को सील कर दिया था। हालांकि, स्कूल प्रशासन द्वारा शिक्षा विभाग व पुलिस से बच्चों के भविष्य का हवाला देते हुए सील खोलने की मांग करने के बाद पुलिस ने स्कूल की सील खोल दी थी। आगामी 22 मार्च तक स्कूल में परीक्षाएं होंगी।