दिल्ली के राजौरी गॉर्डन में सोमवार को एक महिला, उनके बेटे और एक साथी को गिरफ्तार कर लिया गया। महिला और उनके बेटे पर आरोप है कि उन्होंने दो पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और खुद को चोट पहुंचाकर पुलिस पर मारने का झूठा आरोप लगाया।
आरोपियों की पहचान मोबिना खातून उनका बेटा मो. सुलेमान (21) और माखन सिंह (26) के रूप में हुई है। सभी आरोपी रघुबीर नगर के रहने वाले हैं। शनिवार को जब दो पुलिसकर्मी रघुबीर नगर इलाके में गश्त पर थे तो उन्होंने माखन सिंह को संदिग्ध व्यक्ति के साथ खड़े देखा।
पुलिस ने बताया कि जब उन्होंने पूछताछ करने की कोशिश की तो संदिग्ध व्यक्ति की पहचान सुलेमान के रूप में हुई। इस दौरान सुलेमान ने पुलिसकर्मी पर ब्लेड से हमला कर दिया, इसमें उसके हाथ पर भी चोट आ गई। जब दूसरे पुलिसकर्मी ने सुलेमान को काबू करने की कोशिश की तो सुलेमान के साथी माखन सिंह ने उनपर भी हमला कर दिया। इतने में मोबिना खातून भी मौके पर पहुंचीं और एक पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ कर मौके से फरार हो गईं।
पुलिस ने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों ने सिंह और सुलेमान पर काबू पा लिया। इसी बीच पुलिस पर आरोप लगाने की मंशा से सुलेमान ने खुद का सिर ब्लेड से काट लिया, जिससे उसके सिर पर चोट आई और खून बहने लगा।
हालांकि एक पुलिसकर्मी ने सुलेमान से ब्लेड छीन लिया और राजौरी गॉर्डन पुलिस स्टेशन को सूचना दी। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।