दिल्ली में पुलिस को अब खुद ही सुरक्षा की जरूरत पड़ने लगी है। लोगों की सुरक्षा का दम भरने वाली राजधानी की पुलिस पर लगातार हमले हो रहे हैं तो कभी अधिकारियों को सरेआम पीटा जा रहा है।
एक हफ्ते में ऐसा तीसरी बार हुआ है दिल्ली पुलिस के किसी सिपाही या अधिकारी पर हमला हुआ हो। तीन दिन पहले बदमाशों के हमले में एक सिपाही की मौत के बाद अब गुरुवार शाम कुछ लोगों ने दिल्ली पुलिस के एसीपी को सरेआम सड़क पर पीटा।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने एसीपी की पिटाई करने वाले नाबालिग और उसकी मां समेत तीन को गिरफ्तार कर लिया है लेकिन इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की खुद की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ड्राइवर चिल्लाता रहा, वो ACP को पीटते रहे
दिल्ली पुलिस के एसीपी अमित सिंह गुरुवार शाम करीब 4:15 बजे अपनी सरकारी इनोवा कार से पुलिस हेडक्वार्टर जा रहे थे। गाड़ी एक सिपाही चला रहा था। एसीपी व सिपाही दोनों सादी वर्दी में थे और गाड़ी पर कहीं भी पुलिस का कोई मार्क नहीं था।
लोधी कॉलोनी श्मशान घाट के सामने उनकी कार को एक स्विफ्ट कार ने टक्कर मार दी। सिपाही ने ओवरटेक कर कार को रोका और स्विफ्ट के नाबालिग चालक को ठीक से कार चलाने की हिदायत दी। नाबालिग चालक से कहासुनी के दौरान गुस्साए सिपाही ने उसे थप्पड़ मार दिया।
इसी दौरान बाइक पर सवार नाबालिग की मां रजनी और उसका दोस्त योगेश मौके पर पहुंच गए और उन्होंने सिपाही को पकड़ लिया। सिपाही को फंसा देखकर एसीपी अमित सिंह उसे बचाने आए तो आरोपियों ने हेलमेट, रॉड और पंच से हमला बोलकर उन्हें लहूलुहान कर दिया।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि सिपाही बार-बार चिल्ला रहा था कि इन्हें मत मारो ये दिल्ली पुलिस के एसीपी हैं, लेकिन उन लोगों ने एक नहीं सुनी। पिटाई की वजह से एसीपी के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
एक हफ्ते में तीसरा बड़ा हमला
इसके पहले रविवार रात को ऑटो सवार बदमाशों को पकड़ने के दौरान हुए हमले में एक सिपाही की मौत हो गई थी जबकि एक अन्य सिपाही बुरी तरह घायल हो गया था। इस घटना में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है जिनमें नाबालिग भी शामिल हैं।
वहीं शनिवार को भी कनॉट प्लेस इलाके में बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की थी। हालांकि इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई और बदमाश मौके से भागने में कामयाब रहे।
इस साल अब तक दिल्ली पुलिस पर करीब 10 बड़े हमले हो चुके हैं। जिनमें 4 सिपाही अपनी जान भी गवां चुके हैं।