दिल्ली पुलिस आयुक्त ने बेहतर काम करने वाले पुलिसकर्मियों को जहां पदोन्नति दी, वहीं ड्यूटी में लापरवाही बरतने, भ्रष्टाचार में लिप्त पुलिसकर्मियों को नौकरी से बर्खास्त या फिर उन्हें लाइन में भेज दिया।
दिल्ली पुलिस के विजिलेंस विभाग को इस साल करीब पांच हजार पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायतें मिली। जिसमें निष्पक्ष जांच करते हुए 2069 पुलिसकर्मियों को नौकरी से निकाल दिया गया या फिर उन्हें लाइन में भेज दिया गया। ऐसे पुलिसकर्मियों में 92 इंस्पेक्टर, 425 सब इंस्पेक्टर, 381 एएसआई, 417 हवलदार और 773 सिपाही शामिल रहे।
वहीं, दूसरी तरफ बदमाशों से लोहा लेने और अपने सेवा को बखूबी निभाने वाले पुलिसकर्मियों को पदोन्नति और बारी से पहले तरक्की दी गई। पदोन्नति पाने वालों में 3891 पुलिसकर्मी सिपाही से हवलदार, 1531 हवलदार से एएसआई, 1075 एएसआई से सब इंस्पेक्टर, 312 सब इंस्पेक्टर से इंस्पेक्टर और 167 इंस्पेक्टर से एसीपी के पद पर पदोन्नति दी। वहीं, 81 पुलिसकर्मियों को बहादुरी के लिए बारी से पहले तरक्की दी गई।