दिल्ली दुग्ध योजना (डीएमएस) की सप्लाई बंद होने से नई दिल्ली क्षेत्र में रहने वालों की सुबह खराब हो गई। वीकेंड के पहले दिन दूध के लिए कई दुकानों तक भटकना पड़ा, जबकि कई लोगों को बिना दूध की चाय से ही काम चलाना पड़ा। नई दिल्ली स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, एम्स, सफदरजंग, लेडी हार्डिंग सहित अन्य अस्पतालों को दूध के लिए मदर डेयरी पर निर्भर होना पड़ा।
दरअसल, डीएमएस के दूध में कास्टिक सोडा मिलने के बाद लाइसेंस रद्द कर दिया गया है। ऐसे में डीएमएस की सप्लाई बंद होने से उपभोक्ताओं को दूसरी कंपनी की तरफ रुख करना पड़ा, मांग बढ़ने के कारण उक्त की सप्लाई भी प्रभावित हुई। कई जगहों पर सुबह सात बजे ही दूध का स्टॉक खत्म हो गया था।कालीबाड़ी मार्ग स्थित फ्लैट में रहने वाले मनोज ने बताया कि सुबह डीएमएस के बूथ पर जब पहुंचे तो बताया गया कि आज दूध नहीं आया।
कारण पूछने पर दूसरे जगह पर जाने को बोला गया। उन्होंने कहा कि बाद में मदर डेयरी पर गए तो यहां भी काफी भीड़ दिखी। पॉली पैक दूध पहले ही खत्म हो गया था, जबकि खुले दूध के लिए बर्तन न होने के कारण परेशानी हुई।
बाराखंबा रोड पर चाय की दुकान चलाने वाले संतोष राजन ने बताया कि क्षेत्र में चाय की दुकानों में ज्यादातर लोग डीएमएस का दूध ही इस्तेमाल करते हैं, लेकिन दूध की सप्लाई न होने के कारण सभी को मदर डेयरी का दूध लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि यहां ज्यादातर लोग 100 से 200 पैक दूध लेते हैं, लेकिन शनिवार को काफी कम दूध मिला। उन्होंने कहा कि शनिवार को छुट्टी होने के कारण ज्यादा असर नहीं दिखा, लेकिन सोमवार को स्थिति खराब हो सकती है।
ऐसे में दुकान चलाना मुश्किल हो जाएगा
डीएमएस बूथ चलाने वाले लोगों ने बताया कि हमारा खर्च दूध से ही निकलता है। यदि बूथ पर दूध की सप्लाई ही नहीं होगी तो कोई भी यहां नहीं आएगा। ऐसे में दुकान चलाना मुश्किल हो जाएगा। वहीं अन्य लोगों ने कहा कि बूथ पर दूध के साथ दूसरे अन्य सामान भी होता है, लेकिन इसे भी तभी बेच पाएंगे जब दूध होगा। यदि दूध की सप्लाई ही नहीं होगी तो कोई क्यों आएगा।
डीएमएस की एक लाख लीटर की खपत
नई दिल्ली क्षेत्र में डीएमएस की एक लाख से अधिक लीटर दूध की खपत है। वहीं दिल्ली के अन्य हिस्सों में मदर डेयरी, अमूल, पतंजलि सहित अन्य कंपनियों का दूध सप्लाई होता है। नई दिल्ली में डीएमएस की सप्लाई बंद होने से मदर डेयरी पर बोझ बढ़ा, जिस कारण दूसरे क्षेत्र का दूध नई दिल्ली में सप्लाई किया गया।
मरीजों को मिला मदर डेयरी का दूध
एम्स, सफदरजंग, डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के मुताबिक, दिल्ली दुग्ध योजना की सप्लाई प्रभावित होने के बाद मरीजों को मदर डेयरी का दूध दिया गया। एम्स के अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में डीएमएस के साथ मदर डेयरी का दूध भी आता है। शनिवार को केवल मदर डेयरी से सप्लाई ली गई। बता दें कि इन अस्पतालों में हजारों मरीज भर्ती हैं। इन्हें खाने के साथ दूध भी दिया जाता है।