अब स्कूल पांच जनवरी को मानदंड के आधार पर वेबसाइट पर छात्रों के अंक अपलोड करेगा। साथ ही नौ जनवरी तक स्कूल ड्रॉ की डिटेल्स जारी करेगा। वहीं, रोहिणी स्थित माउंट आबू स्कूल की प्रधानाचार्य ने बताया कि वेबसाइट पर अंक जारी करने से अभिभावक छात्र के अंक देखकर अंदाजा लगा सकते हैं कि उनके दाखिले होने की कितनी संभावना है। इससे उनकी चिंता भी खत्म हो जाएगी।
12 और 29 जनवरी को जारी होगी सूची
नर्सरी दाखिले के लिए चयनित छात्रों की पहली सूची 12 जनवरी और दूसरी सूची 29 जनवरी को जारी की जाएगी। यह सूची स्कूल की ओर से जारी मापदंड के आधार पर तय की जाएंगी। ज्यादातर स्कूलों ने आस-पड़ोस, सिबलिंग, एलुमनाई और फर्स्ट चाइल्ड सहित दूसरे पहलुओं को मापदंड में शामिल किया है। यदि फिर भी सीटें खाली रहती हैं, तो स्कूल 21 फरवरी को फिर से लिस्ट जारी करेंगे। वहीं, आठ मार्च दाखिले का आखिरी दिन होगा। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग ईडब्ल्यूएस के छात्रों और दिव्यांग छात्रों के लिए कुल सीटों का 25 प्रतिशत आरक्षित है। साथ ही आवेदकों को समान अंक मिलने पर अभिभावकों की उपस्थिति में ड्रॉ निकाला जाएगा। इसकी जानकारी स्कूल अभिभावकों को वेबसाइट, ई-मेल के माध्यम से देंगे।