150 स्कूलों ने मानक अंक अपलोड नहीं किए
इस कारण से अभिभावकों को दाखिला मानकों का पता नहीं चल पा रहा है। अब तक 150 के करीब स्कूलों ने मानक अंक अपलोड नहीं किए हैं। जबकि आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 20 दिसंबर, 2024 है। बता दें चयनित छात्रों की पहली सूची 17 जनवरी, 2025 को जारी होगी। वहीं, वेटिंग सूची में शामिल छात्रों की सूची भी जारी की जाएगी। इसके बाद तीन फरवरी को दूसरी सूची जारी होगी। प्रवेश प्रक्रिया 14 मार्च, 2025 को समाप्त होगी।
शिक्षा निदेशालय पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि उन मान्यता प्राप्त निजी स्कूल दाखिला प्रक्रिया शुरु नहीं कर सकेंगे, जिन्होंने अपने मानदंड अपलोड नहीं किए हैं। निदेशालय के अनुसार दाखिले केवल 75 प्रतिशत सीटों पर करने हैं। 25 प्रतिशत सीटें पर आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग (ईडब्ल्यूएस), वंचित समूह (डीजी) और दिव्यांग श्रेणी (सीडब्ल्यूएसएन) के दाखिले होने हैं। स्कूलों को दाखिला कार्यक्रम की सूची स्कूल के नोटिस बोर्ड में भी चस्पा करनी होगी।
निगरानी के बावजूद मानदंड अपलोड नहीं किए
निदेशक हर जिले में उपशिक्षा निदेशक की अध्यक्षता में एक निगरानी सेल बनाया गया है। सेल की जिम्मेदारी है कि वह यह सुनिश्चित करे कि उनके जिले में हर निजी स्कूल तय समय तक निदेशालय की आधिकारिक वेबसाइट पर दाखिला प्रक्रिया और प्वाइंट प्रणाली अपलोड कर दे। लेकिन, अभी तक कुछ स्कूलों ने अपनी वेबसाइट पर दाखिला मानदंड अपलोड नहीं किए हैं।
मयूर विहार में रहने वाली प्रियंका ने बताया कि उन्हें अपने बेटे का दाखिला कराना है। लेकिन, जो स्कूल उनके घर के बिल्कुल नजदीक है उसने अभी तक अपने दाखिले के मानदंड अपलोड नहीं किए। वह कहती हैं कि जो स्कूल दूर हैं वहां दाखिला होना मुश्किल लग रहा है। वहीं, आरके पुरम में रहने वाले रोहित श्रीवास्तव कहते हैं कि कई स्कूलों ने मानदंड अब तक अपलोड नहीं किया है। आवेदन की अंतिम तिथि करीब है। ऐसे में आवेदन तिथि बढ़ानी चाहिए और दाखिले के मानदंड अपलोड नहीं करने वाले स्कूलों पर कार्रवाई करनी चाहिए।