दिल्ली की सड़कों पर अब वाहन चालकों की मनमर्जी नहीं चलेगी। सड़कों के चप्पे-चप्पे पर एआई आधारित कैमरों की नजर रहेगी। ट्रैफिक नियम तोड़ने पर वाहन चालकों के मोबाइल पर तुरंत चालान पहुंच जाएगा।
उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने बृहस्पतिवार को इस बारे में संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। इसमें आपसी तालमेल के साथ परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस से दिल्ली की आवाजाही बेहतर करने की नसीहत दी गई है।
इससे पहले बृहस्पतिवार को उपराज्यपाल ने राजनिवास में ट्रैफिक व्यवस्था पर समीक्षा बैठक की। इसमें ट्रैफिक व परिवहन विभाग के आला अधिकारी मौजूद थे। बैठक में उन्होंने यातायात संबंधी मुद्दों के अल्पकालिक और दीर्घकालिक समाधान निकालने का निर्देश दिया। इसके अलावा सड़कों के किनारे व फ्लाईओवर सहित दूसरी जगहों पर होने वाली अवैध पार्किंग पर चिंता जाहिर करते हुए खासतौर से हिदायत दी कि बसों की अवैध पार्किंग से यात्रियों को होने वाली असुविधा का तत्काल समाधान किया जाए। एलजी ने माना कि जाम से वाहन चालकों को परेशानी होने के साथ दिल्ली की हवा भी खराब हो रही है। बगैर लेटलतीफी के इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।
एलजी ने ट्रैफिक पुलिस को सड़कों पर सख्ती बढ़ाने का निर्देश दिया है। दिल्ली को जाम मुक्त करने के लिए तकनीक की मदद ली जाएगी। एआई आधारित कैमरों से सातों दिन और चौबीस घंटे निगरानी रखी जाएगी। वाहन चालकों के साथ इसमें जाम के नजरिये से संवेदनशील प्वाइंट की पहचान करनी है। यह वह इलाके होंगे, जहां भीड़भाड़ ज्यादा रहती है। इनकाे जाम मुक्त करने के लिए विशेष टीमों की तैनाती भी होगी।
ट्रैफिक पुलिस की होगी मॉनिटरिंग
दिल्ली की सड़कों पर जाम की समस्या को दूर करने के लिए एलजी ने यातायात पुलिसकर्मियों की मौजूदगी और दृश्यता बढ़ाने का आदेश दिया है। इन कर्मचारियों पर निगरानी भी सख्त होगी।
वहीं, वाणिज्यिक वाहनों में ओवरलोडिंग और यात्री बसों में भीड़भाड़ की जांच के लिए ट्रैफिक पुलिस व परिवहन विभाग की संयुक्त टीमें गठित होंगी। इससे ओवरलोडिंग पर लगाम लगेगी। साथ में बसों में तय सीमा से अधिक यात्रियों को कोई बिठा नहीं पाएगा।
चालान व्हाॅट्सएप और एसएमएस पर आएगा
व्हाॅट्सएप पर चालान जारी करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही कहा गया कि व्हॉट्सएप पर यातायात चालान जारी करने की व्यवस्था में तेजी लानी चाहिए। इससे उल्लंघनकर्ताओं को चालान के बारे में समय पर जानकारी मिलेगी। उन्हें कहीं भी और कभी भी चालान का भुगतान करने की सुविधा मिलेगी। इससे चालान की वसूली की दर में भी वृद्धि होगी। एसएमएस का भी इस दिशा में इस्तेमाल किया जाएगा। मानव इंटरफेस के बिना इसकी वसूली के लिए एआई आधारित स्वचालित नंबर प्लेट पहचान वाले कैमरे लगेंगे। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाने के लिए बेहतर तालमेल बनाया जाएगा। परियोजना में यातायात पुलिस की आवश्यकताओं को एकीकृत किया जाएगा।
जब्त होंगे अवैध रूप से चल रहे ई-रिक्शा
सड़कों पर जाम का कारण बन रहे ई-रिक्शा पर लगाम लगाने के लिए एलजी ने इन्हें जब्त करने का आदेश दिया है। उन्होंने आदेश में कहा कि बिना वैध पंजीकरण के सड़कों पर अवैध रूप से चल रहे ई-रिक्शा को जब्त करने के लिए अभियान चलाया जाए। इनके कारण जाम की स्थिति पैदा होती है। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित होती है। इसके अलावा पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए एलजी ने एमसीडी और यातायात पुलिस को मिलकर परिवहन विभाग की पार्किंग नीति को लागू करने के लिए कार्य योजना प्रस्तुत करने का आदेश दिया है। साथ ही प्रदूषण की जांच करने के लिए पीयूसी प्रमाणीकरण और प्रवर्तन का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए यातायात और परिवहन विभाग का संयुक्त अभियान चलाया जाएगा।
ट्रैफिक व्यवस्था पर सीपी से मिले पालम 360 खाप के प्रधान
राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर बृहस्पतिवार को पालम 360 खाप के प्रधान चौधरी सुरेन्द्र सोलंकी ने दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा से मुलाकात की। उन्होंने देहात में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने को कहा। साथ ही पालम थाने को दक्षिण-पश्चिम जिले के वसंत विहार से द्वारका जिले में ट्रांसफर करने का ज्ञापन दिया। इस मौके पर अरोड़ा ने कहा कि इन सभी मुद्दों का समाधान जल्द किया जाएगा। दिल्ली पुलिस चाहती है कि देहात में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे।
सोलंकी ने कहा कि नई दिल्ली जिले से देहात को जोड़ने वाली तीन से चार सड़कें प्रमुख हैं। पालम फ्लाईओवर, एयरपोर्ट से द्वारका अंडरपास डाबड़ी, उत्तम नगर, जैसी प्रमुख सड़कों पर पीक आवर में काफी जाम रहता है। इससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है, इसलिए ट्रैफिक व्यवस्था इन सड़कों पर सुचारु होनी चाहिए। उन्होंने कहा ये पुरानी मांग है, इस पर जल्द सुनवाई होनी चाहिए।