देर रात इंडिया के पास हुआ सड़क हादसा
- फोटो : ANI
इंडिया गेट के पास मान सिंह रोड पर देर रात एक डंपर ने तीन ऑटो-रिक्शा और पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक स्कूटी सवार पिता-पुत्री की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार यह हादसा दिल्ली के उस इलाके में हुआ जहां 24 घंटे नो एंट्री रहती है। मतलब ये कि कोई भी भारी वाहन या कमर्शियल वाहन नो एंट्री जोन में दाखिल नहीं हो सकता। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर सोमवार देर रात जिस डंपर ने एक पिता-पुत्री की जान लेने के साथ ही कई ऑटो को अपना शिकार बनाया वह नो एंट्री जोन में कैसे घुसा।
नई दिल्ली ट्रैफिक सर्कल में ऐसे कुल छह क्षेत्र आते हैं, जहां पर 24 घंटे कमर्शियल वाहन की एंट्री पर पाबंदी है। इनमें चाणक्यपुरी, पार्लियामेंट हाउस, पार्लियामेंट स्ट्रीट, तिलक मार्ग, बाराखंबा रोड और तुगलक रोड शामिल हैं।
घटना के बाद परिजनों का आरोप है कि नो एंट्री जोन में डंपर की एंट्री हुई जिसमें परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई। उनका आरोप है कि अब मामले में पुलिस कार्रवाई करने से बच रही है।
मृतक के साले ने बताया कि उनके जीजा की तो मौके पर ही मौत हो गई जबकि बच्ची की सांसें चल रही थीं लेकिन पुलिस ने उसे अस्पताल ले जाने के बजाय हमें फोन किया। फिर हम वहां पहुंचे और दोनों को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
उनका आरोप है कि अगर पुलिस हमें कॉल न करके पहले उन दोनों को अस्पताल पहुंचाती तो शायद उनकी जान बच सकती थी।