गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों के सम्मान में रविवार को संयुक्त किसान मंच ने किसान केसरी दंगल का आयोजन किया गया। दोपहर करीब 12 बजे जब कुश्ती के लिए मैट बिछाए जा रहे थे। तब से ही आसपास दंगल देखने वालों की भीड़ उमड़ने लगी। कुछ ही देर में करीब 20 पहलवान अखाड़े के पास पहुंच गए। इनमें महिला और पुरुष दोनों शामिल थे।
आयोजकों ने सबसे पहले मुकाबले में आए पहलवानों का परिचय कराया। इसके बाद लाउडस्पीकर पर मुकाबले शुरू होने की घोषणा की गई।यह सुनते ही सभी लोग कुश्ती स्थल के आसपास पहुंचने लगे। देखते ही देखते वहां भारी भीड़ उमड़ गई।आलम यह था कि लोग ट्रैक्टर, गाड़ी और फ्लाईओवर के डिवाइडर पर चढ़कर मुकाबला देख रहे थे। आंदोलनरत किसानों से लेकर आसपास के रहने वाले लोग और पुलिसकर्मी भी दर्शकों में शामिल थे।
पहला मैच मुजफ्फरनगर के पहलवान योगेंद्र और राजभर के बीच खेला गया। पहलवानों को देखकर ही लोग उनकी जीत -हार का कयास लगा रहे थे। एक मुकाबले बड़े पहलवानों को 5 मिनट और छोटे पहलवानों को तीन मिनट का समय दिया जा रहा था। एक के बाद एक कई मुकाबले हुए। जो भी पहलवान जीत रहा था आसपास मौजूद लोग उसको इनाम दे रहे थे। दंगल में करीब 60 महिला पहलवान और पुरूष पहलवान शामिल हुए।
भारतीय किसान यूनियन ( भाकियू ) राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों के समर्थन में अब पहलवान भी आ गए हैं। आंदोलनरत किसानों आत्मविश्वास काफी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि अन्नदाताओं को हर वर्ग के लोगों का समर्थन मिल रहा है । यह खुशी की बात है । बॉर्डर पर दंगल के आयोजक सदस्य शहीद बचन सिंह कुश्ती अखाड़े के संस्थापक चौधरी युधिष्ठिर पहलवान ने कहा कि वह पहले किसान के बेटे हैं, उसके बाद पहलवान हैं। किसानों की लड़ाई में अब वह भी उतर गए हैं। दंगल प्रतियोगिता में शामिल हुई महिला पहलवान सोनाक्षी रोहन ने कहा कि वह 3 साल से कुश्ती लड़ रही है। कुछ दिन पहले संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से उन्हें गाजीपुर बॉर्डर पर आने का निमंत्रण मिला था।
उन्होंने कहा कि हक की लड़ाई में वह भी किसानों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि उनके पिता भी एक किसान है । सरकार की ओर से लागू किए गए नए किसी कानून किसान विरोधी है। सरकार को जल्द से जल्द कानून वापस लेने चाहिए।सरकार और किसानों के बीच 8वें दौर की बातचीत भी बेनतीजा रही थी। किसान अपने मांगों पर अड़े हुए हैं। अगली बैठक 15 जनवरी को आयोजित की जाएगी। अनुमान लगाया जा रहा है कि ये बैठक महत्वपूर्ण होगी और किसी न किसी नतीजे पर जरूर पहुंचेगी।
--
रविवार को हुई महापंचायत में भाकियू अम्बावता ने 26 जनवरी को दिल्ली का घेराव करने का एलान किया। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर संगठन के पंडाल में किसानों ने महापंचायत की। वहीं, भाकियू अम्बावता ने अब प्रत्येक रविवार को यूपी गेट पर महापंचायत करने का निर्णय लिया है।
प्रदेश अध्यक्ष सचिन शर्मा ने बताया कि संगठन के एक किसान की मौत होने की वजह से महापंचायत दो घंटे देरी से शुरू हुई। सभी ब्लॉक अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों ने महापंचायत में हिस्सा लिया।
महापंचायत की अध्यक्षता करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. ऋषिपाल अम्बावता ने एलान किया कि 26 जनवरी को संगठन के किसान गणतंत्र दिवस की परेड में जनपथ का घेराव करेंगे। इस बीच किसानों के तीनों कानून के विरोध में आवाज को बुलंद करने की बात हुई।
इसके अलावा महापंचायत में यह फैसला लिया गया कि गाजीपुर बॉर्डर पर संगठन अब प्रत्येक रविवार को धरना चालू रखकर महापंचायत करेगा। इस बीच गौतमबुद्धनगर जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी मास्टर नेपाल कसाना को दी गई।
इस दौरान मान सिंह डागर, मांगेराम, अशोक नागर, हनीफ वारसी, प्रवीण शर्मा, मोनू पंवार, सोनू गुर्जर, नरेश, अमित कसाना, बिन्नू अधाना, अमित कसाना, ठाकुर मुकेश सोलंकी, योगेश शर्मा, बलविंदर बाजवा, फरमान त्यागी, विजय सिंह शेरावत, अशोक भाटी, सुरेश चिल्लर, महिपाल सिंह आदि लोग मौजूद रहे।