फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली से फिरौती के लिए अगवा नौ साल की बच्ची की हत्या, यूपी के जंगल में मिला शव

Sat, 27 Feb 2021 03:31 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली/गाजियाबाद/मोदीनगर
विज्ञापन
गुस्साये परिजनों और इलाके के लोगों ने हाईवे पर किया प्रदर्शन... - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

पूर्वी दिल्ली में कल्याणपुरी इलाके के खिचड़ीपुर में फिरौती के लिए नौ साल की बच्ची का अपहरण कर हत्या का मामला सामने आया है। चार दिन बाद शुक्रवार को बच्ची का शव उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद में भोजपुर थानांतर्गत पट्टी गांव के जंगल में मिला है। इस मामले के एक संदिग्ध की लोकेशन मिलने के बाद दिल्ली पुलिस मोदीनगर में दो दिन से डेरा डाले हुए थी। पुलिस ने इस मामले में बच्ची के पड़ोसी जॉनी और उसके साथी नरेश, तरुण और कैलाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में तिबड़ा गांव के दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है।

विज्ञापन


उधर, बच्ची का शव मिलने की सूचना मिलते ही इलाके में तनाव हो गया। परिजनों और आसपास के लोगों ने कल्याणपुरी थाने के बाहर और एनएच-24 पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। लोगों का कहना है कि पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो बच्ची की जान बचाई जा सकती थी। शुक्रवार शाम इलाके में पहुंचे थाना प्रभारी की कार पर लोगों ने पत्थर फेंके। इस दौरान लोगों ने जमकर हंगामा किया। तनाव को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल को तैनात कर दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 23 फरवरी को जॉनी ने बच्ची को घुमाने का लालच देकर अपनी ईको कार में बिठाया और नरेश के साथ मिलकर अगवा कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने दावा किया कि उनकी योजना बच्ची के परिजनों से फिरौती मांगने की थी। पकड़े जाने के डर से वे बच्ची को तिबड़ा-पट्टी गांव के जंगल में ले गए और लोहे की छड़ से हमला कर उसे मार डाला। दिल्ली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच से आरोपियों की पहचान की। बच्ची माता-पिता, तीन बहनों और एक भाई के साथ खिचड़ीपुर स्थित झुग्गी में रहती थी। वह सरकारी स्कूल की 5वीं कक्षा की छात्रा थी।
विज्ञापन


शारीरिक शोषण का संदेह
स्थानीय लोगों का कहना है कि शारीरिक शोषण के बाद बच्ची की हत्या की गई है। उनका आरोप है कि उसके शव पर कई जगह चोटों के निशान हैं। हालांकि परिक्षेत्र के संयुक्त आयुक्त आलोक कुमार ने इन आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टरों ने शारीरिक शोषण और शरीर पर चोट के निशान से इनकार किया है। पोस्टमार्टम के दौरान बच्ची के परिजन भी मौजूद थे।

पुराना 'पापी' है आरोपी
पुलिस ने तिबड़ा गांव में दबिश देकर इस मामले के एक संदिग्ध और उसके रिश्तेदार को उठा लिया। उनसे पूछताछ के बाद पुलिस दिल्ली निवासी जॉनी तक पहुंची। उसी की निशानदेही पर पुलिस ने तिबड़ा-पट्टी संपर्क मार्ग स्थित ईख के खेत से बच्ची का क्षत-विक्षत शव बरामद किया। जॉनी पुराना बदमाश है। उसने दो शादियां की हुई हैं। जॉनी का रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि वह करीब दस साल पहले एक युवती की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। साहिबाबाद से लापता हुई युवती की लाश भी भोजपुर थाना क्षेत्र के ही सैदपुर गांव के जंगल में मिली थी। इसकी हत्या के आरोप में पुलिस ने जॉनी को गिरफ्तार किया था।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें