महीने भर पहले गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली पुलिस के साथ बैठक कर फोर्स को आधुनिक बनाए जाने की बात की थी। ताकि दिल्ली की सुरक्षा में आ रही चुनौतियों से निपटा जा सके।
अब महीने भर बाद ही दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने दिल्ली की हवाई निगरानी (हेलीकॉप्टर पेट्रोलिंग) कराने का प्रस्ताव रखा है।
इसी सिलसिले में 16 जुलाई को दिल्ली पुलिस के आठ वरिष्ठ अधिकारियों को एक जरूरी लेटर थमाया गया गया है। जिसमें दिल्ली पुलिस से परम हंस हेलीकॉप्टरों पर राय मांगी गई है।
महिला सुरक्षा में मिलेगी की मदद
स्पेशल कमिश्नर की ओर से जारी किए गए इस पत्र में कमिश्नर बीएस बस्सी ने दिल्ली पुलिस से हेलीकॉप्टर के उपयोग के बारे में बताते हुए एडिशनल कमिश्नरों से उनकी राय मांगी थी।
उस पत्र में लिखा था कि, अगर हम हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल सूझबूझ के साथ करें तो कम खर्च में भी रोजाना इसका प्रयोग हम ट्रैफिक के लिए कर सकें। इसके प्रयोग के ऐसे भी तरीके खोजिए जिससे इसे हम कानून व्यवस्था, अपराध को रोकने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार गृह मंत्रालय ने इन हेलीकॉप्टरों पर होने वाले खर्च और इनकी संख्या के बारे में जानकारी मांगी है। सूत्रों का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारियों ने दिल्ली पुलिस में कम से कम दो हेलीकॉप्टरों की आवश्यकता जताई है।
इस हफ्ते गृह मंत्रालय जा सकता है प्रस्ताव
उम्मीद जताई जा रही है कि हेलीकॉप्टर को लेकर अंतिम प्रस्ताव इस सप्ताह तक आ जाएगा। नई सरकार बनने के बाद पुलिस की तरफ से एक पीपीटी प्रजेंटशन दी गई थी, जिसमें हेलीकॉप्टरों का पुलिस बल के साथ कैसे प्रयोग करेंगे, इसकी पूरी जानकारी दी गई।
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर की आवश्कता केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नहीं बल्कि हवाई आक्रमण के वक्त भी जरूरी है। हेलीकॉप्टर के होने से ट्रैफिक पर नजर रखना आसान हो जाएगा।
अभी हमें केवल दो हेलीकॉप्टरों की जरूरत है, जिससे हम कानून व्यवस्था और ट्रैफिक पर नजर रख सकें। हम जल्द ही गृह मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट भेजने वाले हैं और उम्मीद है कि मंत्रालय इन मांगों को जल्द मान लेगा।