संपत्तियों की जिओ टैगिंग करेगी एनडीएमसी
नई दिल्ली। बजट के लिए बुधवार को आयोजित बैठक में एनडीएमसी ने संपत्ति कर बढ़ाने के लिए अगले वित्तीय वर्ष से सभी संपत्तियों के लिए जिओ टैगिंग करने का फैसला किया है। जिओ टैगिंग में करदाताओं की संपत्तियों की तस्वीरें मोबाइल एप या एनडीएमसी वेबसाइट के माध्यम से अपलोड करने की सुविधा होगी। इसके अलावा विकसित भारत@2047 थीम के तहत नई दिल्ली इलाके की सभी सड़कों को तीन माह में विश्वस्तरीय बनाएगी। सड़कों के पास आधुनिक क्योस्क, स्ट्रीट फर्नीचर, पार्किंग सुविधा और सिटिंग प्लाजा सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
एनडीएमसी वन डे, वन रोड पहल के तहत सड़कों पर सभी संबंधित विभागों को उतारेगी। कर्मचारी सड़कों के अलावा पेड़ों, फुटपाथों की गहन दैनिक सफाई और धुलाई करेंगे। हादसे रोकने के लिए सड़क सुरक्षा उपकरण लगाए जाएंगे। रणजीत सिंह फ्लाईओवर के सौंदर्यीकरण का कार्य भी अगले वर्ष के दौरान पूरा करने का लक्ष्य रखा गया। पैदल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए एम्स के गेट नंबर-एक और हाईकोर्ट में गेट नंबर-पांच के पास फुटओवर ब्रिज का निर्माण किया जाएगा।
सीवर लाइन बदलने के लिए यूडीएफ से फंड मांगा
एनडीएमसी ने नई दिल्ली इलाके में करीब 70 साल पहले डाली गई सभी सीवर लाइन बदलने का निर्णय लिया है।इसके लिए शहरी विकास निधि (यूडीएफ) के तहत 556 करोड़ रुपये दिल्ली विकास प्राधिकरण आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय से मांगे है। एनडीएमसी ने अपने इलाके के निवासियों को 24 घंटे सातों दिन बिजली व पानी की आपूर्ति देने का भी निर्णय लिया है। एनडीएमसी ने राजस्व के साथ-साथ अतिरिक्त कार्यालय स्थल की मांग को पूरा करने के लिए अकबर भवन में चार बेसमेंट और 10 मंजिला कार्यालय परिसर के निर्माण की योजना बनाई है। कार्य कुशलता बढ़ाने के लिए कर्मचारियों को प्रोत्साहन देने के लिए पालिका सम्मान और पालिका प्रशस्ति पत्र देगी।