मौसम विभाग के मुताबिक यूपी समेत दिल्ली एनसीआर में 25 जून से झमाझम बारिश होगी। मानसून की दस्तक के साथ ही तपती गर्मी से राहत मिलेगी और पारा कुछ नीचे जाएगा। पहले मानसून के 21 जून तक दिल्ली पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा था लेकिन मौसम विभाग के मुताबिक इसकी चाल कुछ धीमी हुई है और अब इसके पहुंचने में देरी के आसार हैं।
मौसम विभाग के उप महानिदेशक आनंद शर्मा के मुताबिक झारखंड में मानसून 22 से 24 जून के बीच पहुंचने के आसार हैं। वहीं उत्तर प्रदेश और पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में भी अच्छी बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि अगले हफ्ते से उत्तर पूर्वी भारत, पूर्व और मध्य भारत और पश्चिमी तटों पर गरज के साथ भारी बारिश के आसार हैं। देश के कई इलाकों में लगातार झमाझम बारिश होगी।
फिलहाल तो दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उतर भारत के कई इलाकों में गरमी कहर ढा रही है। दिल्ली के कई इलाकों में तापमान 42 डिग्री तक पार कर गया है। आईएमडी ने राजस्थान के कई भागों में गर्म हवाएं चलने की बात कही है।
मौसम विज्ञान विभाग के हिसाब से 22 जून से 24 जून के बीच स्थितियां अनुकूल बन रही हैं, इस दौरान उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और हिमालय के पहाड़ी इलाकों में मानसून का आगमन होगा। इसके बाद ही 25 जून के आसपास दिल्ली-एनसीआर में मानसून के आने की उम्मीद है। मानसून आने के साथ ही लगातार बारिश के बाद गर्मी से निजात मिलने की उम्मीद है।
लद्दाख, गिलगित बाल्टिस्तान में न के बराबर बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में न के बराबर बारिश होगी। इन इलाकों को छोड़कर देश के बाकी हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और गुजरात के अलग अलग हिस्सों में भी अगले हफ्ते से बारिश शुरू हो जाएगी।