फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली-एनसीआर में तेज धूप के बाद बदला मौसम, कई इलाकों में हुई बूंदाबांदी

Fri, 16 Apr 2021 04:39 PM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

दिल्ली-एनसीआर में दोपहर तक चिलचिलाती धूप के बाद शाम होते ही धूल भरी तेज हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया है।
विज्ञापन
दिल्ली-एनसीआर में चल रहीं धूल भरी हवाएं - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी में शुक्रवार को तपती गर्मी से तेज हवाओं और हल्की बारिश की फुहार ने राहत दिलाई। दोपहर बाद मौसम के करवट लेने के साथ धूल भरी आंधी का दौर बना और सूरज ढलने के साथ-साथ दिल्ली के विभिन्न इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। अगले 24 घंटे में भी दिल्ली में बारिश की संभावना है और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से कम रहेगा।

विज्ञापन


मौसम विभाग ने एक दिन पहले ही दिल्ली में तेज हवाएं चलने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई थी। इस कड़ी में दिनभर सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा और शाम चार बजे के बाद करीब 75 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दिल्ली में धूल भरी आंधी चली। आसमान में काले बादल मंडराने की वजह से दोपहर में ही दिल्ली में हल्का अंधेरा छा गया था। इसके बाद सूरज की छिपती किरणों के साथ साथ हल्की बारिश भी दर्ज की गई।



प्रादेशिक मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन अधिक 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो कम 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में हवा में नमी का अधिकतम स्तर 69 फीसदी और न्यूनतम स्तर 23 फीसदी रहा। दिल्ली के स्पोर्ट्स कंपलेक्स इलाके में अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जफरपुर में 40.7, गुरुग्राम में 40.2, आया नगर में 40.4, लोधी रोड में 38.9, पालम में 40.6 व नरेला में 40.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।
विज्ञापन


मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में दिल्ली में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। इससे न्यूनतम व अधिकतम तापमान में कमी आएगी और दिल्लीवासियों को तेज गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि, यह राहत ज्यादा दिन के लिए नहीं है। इसके बाद लगातार न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की भी संभावना जताई जा रही है। इससे एक बार फिर गर्मी अपना रंग दिखाएगी।
गौरतलब है कि सप्ताह के शुरुआत से ही अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है और न्यूनतम तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा है। इस वजह से दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का एहसास बना हुआ है। 

दूसरी ओर मौसम में बदलाव होने के बाद भी दिल्ली-एनसीआर की हवा में बदलाव नहीं हुआ। शुक्रवार को एनसीआर के साथ दिल्ली की हवा भी खराब श्रेणी में दर्ज की गई। 
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 238 रहा। वहीं, फरीदाबाद का 254, गुरुग्राम का 250, ग्रेटर नोएडा का 282 व नोएडा का 249 दर्ज किया गया। इसके अलावा गाजियाबाद की हवा 308 के साथ खराब श्रेणी में दर्ज की गई।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें