गाजियाबाद शहर बृहस्पतिवार को देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा। यहां का एक्यूआई मानकों से साढ़े तीन गुना अधिक 368 दर्ज किया गया। शहर का प्रदूषण स्तर अभी भी बेहद खराब स्थिति में है।
गाजियाबाद शहर का एक्यूआई बुधवार को 386 था। इसमें बृहस्पतिवार को 18 प्वाइंट की कमी हुई और ये 368 तक पहुंच गया। इसके बाद भी गाजियाबाद देश में सबसे प्रदूषित शहर रहा। आंकड़े देखे जाए तो लोनी के प्रदूषण स्तर में कमी आई है। दो दिन से लोनी का एक्यूआई चार सौ के ऊपर बना हुआ था।
इसमें बृहस्पतिवार को गिरावट हुई और एक्यूआई 386 दर्ज किया गया। यहां पर पीएम दस और पीएम 2.5 का स्तर 386 और 370 तक पहुंच गया। वसुंधरा का एक्यूआई भी मानकों से तीन गुना अधिक 370 रहा। यहां पर पीएम दस का स्तर 370 तो पीएम 2.5 का स्तर 309 रहा। जो मानकों से साढ़े तीन और पांच गुना अधिक है।
संजय नगर का एक्यूआई 367 रहा। यहां पर पीएम दस 367 और पीएम 2.5 का स्तर 296 तक पहुंच गया। सबसे कम एक्यूआई इंदिरापुरम का रहा। यहां पर एक्यूआई 345 दर्ज हुआ। यहां पर पीएम दस और पीएम 2.5 का स्तर 345 और 289 रहा।