यूपीएससी ने गुरुवार को आईएएस परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया है। फरीदाबाद से चयनित हुए 13 युवा आईआरएस (इंडियन रेवेन्यू सर्विसेज) हैं, जो इस समय यहां पर ट्रेनिंग लेते हुए आईएएस बनने की कोशिश में लगे हुए थे। एक ही जगह से इतनी बड़ी संख्या में आईएएस बनने से जिले का नाम फिर से सुर्खियों में आ गया है।
इस बार कोमल मित्तल ने 19 वीं, आबिद हुसैन सादिक 27 ने वीं, जलज शर्मा ने 43 वीं, दिव्या एस अय्यर ने 48 वीं, नीलोत्पल 98 वीं, गौतम कुमार पांडेय ने 116 वीं, अरूण कुमार विश्वकर्मा ने 122 वीं रैंक हासिल कीं।
इसके अलावा दीपक पारीख ने 131 वीं, राजा बंथियाने 149 वीं, प्रभात कुमार ने 204 वीं, कामनाशीश सेन ने 208 वीं, मोहित कुमार ने 228 वीं, अविनाश पांडेय ने 273 वीं,
सुमित भाटिया ने 561 वीं रैंक हासिल की है।
दिल्ली के खाते में दूसरा स्थान
दूसरा प्रयास और दूसरा स्थान। दिल्ली के मुनीश शर्मा ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के नतीजों में अपने दूसरे ही प्रयास में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
वेंकटेश्वर कॉलेज से बैचलर ऑफ साइंस (बायोकेमिस्ट्री) से पढ़ाई की है। अपनी कामयाबी से खुश मुनीश अपनी सफलता में अपने परिवार और शिक्षकों का बड़ा योगदान मानते हैं।
गाजियाबाद के हैं तीसरी रैंक हासिल करने वाले
यूपीएससी की सिविल सर्विसेज मुख्य परीक्षा 2013 में गाजियाबाद के वैशाली सेक्टर-5 स्थित नीलपदम निवासी रचित राज ने ऑल इंडिया थर्ड रैंक हासिल की है।
रचित ने पहले ही अवसर में सफलता प्राप्त की। रचित राज के साथ शास्त्री नगर निवासी आईपीएस में चयनित हो चुके राहुल पांडेय ने ऑल इंडिया 52वीं रैंक हासिल की।
राहुल पांडेय अभी अलीगढ़ जनपद में एएसपी के पद पर तैनात हैं। रचित राज ने देश की समस्याओं को देखते हुए गुड गवर्नेंस की जरूरत की बात कही।
गुड़गांव ने पाई सफलता
शिक्षा हब के रूप में बदल रहे साइबर सिटी के तीन युवाओं ने यूपीएससी की परीक्षा में सफलता हासिल की है। इससे उनके साथियों और परिवार में खुशी का माहौल है। धर्मेंद्र शर्मा ने 242, प्रभात मलिक ने 270 और प्रेरणा शर्मा ने 273 रैंक हासिल किए हैं।
242वां रैंक हासिल करने वाले धर्मेंद्र शर्मा ने अमर उजाला से फोन पर बातचीत में बताया कि गुड़गांव में परीक्षा की तैयारी कर उन्हें यह सफलता हासिल हुई है। यह उनका चौथा प्रयास था। 270वां रैंक हासिल करने वाले सिविल लाइंस के प्रभात मलिक ने पहले प्रयास में ही यह उपलब्धि हासिल की।
273वां रैंक हासिल करने वाले प्रेरणा शर्मा की यह दूसरी उपलब्धि है। हरियाणा आईपीएस कैडर के तहत ट्रेनिंग ले रही प्रेरणा ने पिछले साल 352वां रैंक हासिल किया था।
नोएडा ने भी मारी बाजी
नोएडा के सेक्टर-27 में रहने वाली रवीना त्यागी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से आयोजित भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के नतीजों में 170वीं रैंक हासिल की है।
मूल रूप से जिला मुजफ्फरनगर के गांव निरमाणा के रहने वाले सतीश त्यागी की बेटी रवीना त्यागी ने जेपी इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉरमेशन टेक्नोलॉजी, नोएडा (जेपी यूनिवर्सिटी) से 2008 में बीटेक-बायोटेक की पढ़ाई की और एक साल तक मल्टीनेशनल कंपनी ग्रिल में अपनी सेवाएं दीं।
इसके बाद प्रशासनिक सेवा की तैयारी में जुट गईं। साल 2012 में रवीना ने अपने पहले ही प्रयास में आईएफएस क्लियर करते हुए 27वीं रैंक प्राप्त की थी। इन दिनों वे देहरादून में आईएफएस की ट्रेनिंग कर रही हैं। 170वीं रैंक की खुशी जताते हुए रवीना ने बताया कि यह परीक्षा पास कर उन्होंने अपनी स्वर्गीय दादी चंद्रवती त्यागी का सपना साकार किया है।