दिल्ली-एनसीआर में कुछ दिनों की राहत के बाद एक बार यहां की हवा प्रदूषित होने लगी है। राजधानी दिल्ली की बात करें तो प्रदूषण के लिहाज से हॉटस्पॉट माने जाने वाले सभी इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक सुबह 9.00 बजे 400(गंभीर श्रेणी) के पार दर्ज किया गया है। वहीं अन्य इलाकों में यह 300(बहुत खराब श्रेणी) के पार है। लोधी रोड के अलावा कुछ ही ऐसे इलाके हैं जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक(एक्यूआई) 300 के अंदर दर्ज किया गया है।
बता दें कि दिल्ली के आनंद विहार में एक्यूआई 413(गंभीर), अशोक विहार में 407, चांदनी चौक में 410, जहांगीरपुरी में 424 और विवेक विहार में 426 दर्ज किया गया। वहीं अन्य इलाकों में एक्यूआई 300 के पार दर्ज किया गया है। इस तरह से दिल्ली की हवा सांसों के लिए बेहद खतरनाक बनी हुई है।
सोमवार को 'खराब' श्रेणी में बनी रही दिल्ली की हवा
हवा की गुणवता में गिरावट आने के बावजूद दिल्ली की हवा सोमवार को खराब श्रेणी में बनी रही। दिल्ली का वायु गुणवता सूचकांक 295 रहा। हालांकि, 38 मॉनीटरिंग स्टेशन में से 14 पर गुणवत्ता बेहद खराब स्तर में दर्ज की गई। इन इलाकों का सूचकांक 300 से ऊपर चला गया।
सीपीसीबी की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 24 घंटे में 20 अंकों की गिरावट के साथ सोमवार को वायु गुणवता सूचकांक 274 से 295 पर पहुंच गया। वहीं, आनंद विहार, बवाना, द्वारका सेक्टर-8, जहांगरीपुरी, मुंडका, नरेला व रोहिणी का सूचकांक बेहद खराब स्तर में पहुंच गया। सफर का पूर्वानुमान है कि मौसमी दशाओं के प्रतिकूल होने से दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवता खराब होगी और हफ्ते भर सूचकांक बेहद खराब श्रेणी में रहेगा।