फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली: तीन मार्च से खुलेगा नेशनल म्यूजियम, चिड़ियाघर में चार हजार पर्यटकों ने किया पशु-पक्षियों का दीदार

Tue, 01 Mar 2022 02:55 PM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

कोरोना प्रतिबंधों के चलते बंद पड़े दर्शनीय स्थल अब खुलने शुरू हो गए हैं, इसी कड़ी में आज दिल्ली का चिड़ियाघर भी खुल गया है।
विज्ञापन
नेशनल म्यूजियम - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोरोना प्रतिबंधों के चलते बंद किया गया दिल्ली स्थित नेशनल म्यूजियम तीन मार्च से खुल जाएगा। इसे लेकर मंगलवार को संस्कृति मंत्रालय ने मंजूरी दी है। इसके साथ ही लंबे समय से बंद नेशनल म्यूजियम का दीदार एक बार फिर से आम लोग कर सकेंगे।

आज से खुला दिल्ली चिड़ियाघर

कोरोना महामारी के कारण बंद दिल्ली चिड़ियाघर के दरवाजे को करीब दो माह बाद मंगलवार को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। कोरोना नियमों के साथ पर्यटकों को परिसर में प्रवेश मिला। पहले दिन स्लॉट के माध्यम से चार हजार पर्यटकों ने वन्यजीवों का दीदार किया। हालांकि, जिन पर्यटकों को प्रवेश नहीं मिला, उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा।    

विज्ञापन


कोरोना के नए मामलों में कमी आने के साथ बीते सप्ताह दिल्ली चिड़ियाघर को एक मार्च से खोलने का आदेश जारी हुआ था। इसके तहत मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे से पर्यटकों को प्रवेश देना शुरू किया गया। दिनभर चिड़ियाघर घूमने के बाद शाम पांच बजे तक पर्यटक वापस लौटे। कोरोना महामारी को देखते हुए एक दिन में केवल चार हजार पर्यटकों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई थी। प्रवेश से पहले पर्यटकों की थर्मल स्कैनिंग करने के साथ सैनिटाइजेशन किया गया। जिन पर्यटकों का शरीर का तापमान सामान्य से अधिक था, उन्हें कुछ देर  इंतजार करने के बाद प्रवेश दिया गया। गौरतलब है कि कोरोना महामारी के कारण चिड़ियाघर को गत चार जनवरी को बंद किया गया था। इससे पहले बर्ड फ्लू को लेकर बीती जनवरी और कोरोना की दूसरी लहर के दौरान भी चिड़ियाघर बंद था। 

सुबह साढ़े आठ बजे फुल हो गया था स्लॉट
इस वर्ष पहले दिन चिड़ियाघर खुलने पर बड़ी संख्या में लोग वन्यजीवों का दीदार करने पहुंचे थे। पर्यटकों के प्रवेश के लिए दो स्लॉट में व्यवस्था की गई थी, जिसके तहत सुबह साढ़े आठ बजे से लेकर दोपहर 12:30 और  12:30 बजे से लेकर साढ़े चार बजे तक प्रवेश की व्यवस्था थी। प्रत्येक स्लॉट में केवल दो हजार पर्यटकों के प्रवेश की अनुमति थी। ऐसे में सुबह साढ़े आठ बजे तक ही चिड़ियाघर के दोनों स्लॉट फुल हो गए थे । जिन पर्यटकों को प्रवेश नहीं मिला, उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा। हालांकि, कई पर्यटक जान-पहचान व पद का रौब दिखाकर प्रवेश करने को लेकर प्रयास करते दिखे। लेकिन, प्रशासन की ओर से प्रवेश की अनुमति नहीं मिल सकी। 
विज्ञापन


जल्द ही अधिक संख्या में प्रवेश कर सकेंगे पर्यटक
चिड़ियाघर खुलने के बाद प्रशासन पर्यटकों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार कर रहा है। इसके तहत जल्द ही पर्यटकों की संख्या को चार हजार से बढ़ाकर छह हजार किया जा सकता है। एक अधिकारी का कहना है कि चूंकि, दिल्ली में सभी बंदिशें पूरी तरह से खत्म हो गई हैं। ऐसे में इस बात की भी संभावना है कि मंत्रालय की ओर से पर्यटकों की संख्या में और ढील दे दी जाए। गौरतलब है कि कोरोना की दूसरी लहर के बाद चिड़ियाघर में एक दिन में छह हजार पर्यटकों के प्रवेश की अनुमति दी गई थी।  

ऑनलाइन टिकट बुक करके मिलेगी एंट्री
चिड़ियाघर में एंट्री करने के लिए टिकट ऑनलाइन बुक करने की व्यवस्था होगी। चिड़ियाघर की वेबसाइट www.nzpnewdelhi.gov.in ÂÚU Buy Ticketsऑप्शन पर क्लिक करना होगा। अपना मोबाइल नंबर और कैप्चा (सुरक्षा कोड) डालना होगा। अपनी जानकारी (नाम, ईमेल इत्यादि) भरना होगा। फिर मोबाइल पर एक ओटीपी आएगा, वेरिफाई करने के बाद टिकट बुकिंग स्क्रीन पर पहुंचा जा सकेगा। फिर एक टाइमिंग स्लॉट चुनना होगा और टिकटों की संख्या तय करनी होगी। पेमेंट करते ही टिकट बुक हो जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें