गली में बच्चों के साथ पटाखे जला रहा था ऋषि
ऋषि माता-पिता और दो भाइयों के साथ कॉलोनी के गली नंबर सात में रहता था। उसके भाई मोहित ने बताया कि रविवार रात 9.45 बजे ऋषि अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर पटाखा जला रहा था। इसी दौरान एक पटाखा अचानक फट गया और उसकी छाती पर जा लगा। बिना देर किए उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रात 10.50 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अनार के फटने से हुआ घायल
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि बच्चा हाथ में पकड़कर अनार जला रहा था, जो अचानक पटाखा फट गया और उसके सीने में जा लगा। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस को अस्पताल में बच्चे को मृत घोषित किए जाने के बाद घटना की जानकारी मिली। बच्चे को मृत अवस्था में लाया गया था। पुलिस पटाखे के प्रकार और हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
परिवार का दावा- सांस ले रहा था बच्चा
मोहित ने बताया कि भाई की मौत की जानकारी मिलते ही पिता जोगेंद्र की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में तकलीफ और सीने में दर्द की शिकायत हुई। वहीं, मां अंजलि भी बदहवास हो गईं। परिजनों ने अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि बच्चा हादसे के बाद सांस ले रहा था और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया था, लेकिन चिकित्सकों ने उचित इलाज नहीं किया। मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। उन्होंने पुलिस पर जोर-जबरदस्ती करते हुए बिना कार्रवाई शव को ले जाने का भी आरोप लगाया है।
डराने धमकाने का आरोप
जिस घर में कुछ देर पहले दीपावली की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मासूम की मौत से मातम पसरा है। बच्चे की मौत के बाद से मां अंजलि का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि वह अनार और स्काई शॉट्स जला रहा था, तभी पटाखा आकर उससे टकरा गया, जिससे उसके सीने में छेद हो गया। हादसे के बाद वह सांस ले रहा था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां ठीक से इलाज नहीं किया गया। उन्होंने अस्पताल परिसर में डराने-धमकाने की कोशिश का भी आरोप लगाया है। उन्होंने न्याय की मांग की है।