दिल्ली के पर्यटन को नई पहचान
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि नमो यमुना रिवर सफारी केवल क्रूज या नौका सेवा नहीं, बल्कि मां यमुना के प्रति आस्था, प्रेम और समर्पण का प्रतीक है। इसके माध्यम से दिल्लीवासी नदी के प्राकृतिक परिवेश को करीब से महसूस कर सकेंगे। उन्होंने परिवार के साथ यहां आने और बच्चों को यमुना के प्राकृतिक वातावरण से परिचित कराने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल दिल्ली के पर्यटन को नई पहचान देने के साथ राजधानी की सकारात्मक छवि मजबूत करेगी।
एक जुलाई से 30 सितंबर तक बंद रहेगी सेवा
परियोजना के तहत फिलहाल 30 यात्रियों की क्षमता वाला एक इलेक्ट्रिक क्रूज संचालित किया गया है। इसी क्षमता का दूसरा क्रूज फरवरी-मार्च 2027 तक शुरू करने की योजना है। पूरी यात्रा में करीब 35 से 45 मिनट लगेंगे। पर्यटक निर्धारित मार्ग पर नौका विहार के बाद शुरुआती स्थान पर लौट सकेंगे। मानसून के दौरान नदी की परिस्थितियों को देखते हुए हर साल एक जुलाई से 30 सितंबर तक सेवा बंद रहेगी।
परिवार के मनोरंजन के लिए भी होंगी सुविधाएं
पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि रिवर सफारी दिल्ली में पर्यटन का नया अनुभव देगी। यहां म्यूजिकल फाउंटेन के जरिये भगवान श्रीकृष्ण की गाथा और यमुना की महिमा प्रस्तुत की जाएगी। बच्चों के लिए प्ले जोन, गेमिंग गतिविधियां, क्रिएटिव जोन और फूड कोर्ट भी विकसित किए गए हैं। यमुना किनारे इकोलॉजिकल ट्रेल्स और वॉकिंग ट्रेल्स बनाए गए हैं।
सोनिया विहार में यात्रियों की सुविधा के लिए तटवर्ती टर्मिनल, दो फ्लोटिंग जेट्टी, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, पार्किंग और व्यावसायिक दुकानें बनाई गई हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रिक क्रूज के लिए चार्जिंग स्टेशन, पेयजल, शौचालय और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की व्यवस्था की गई है।
इस परियोजना को भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण, डीडीए, दिल्ली जल बोर्ड, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम के समन्वय से विकसित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार यमुना की सफाई के प्रयास भी लगातार आगे बढ़ा रही है।