शोरूम में नौकरी करती थी युवती
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान शबनम के रूप में हुई है। वह पश्चिमी दिल्ली में परिवार के साथ रहती थी और मोती नगर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित वस्त्र महल शोरूम में काम करती थी। शनिवार को भी वह रोज की तरह ड्यूटी पर थी। उसकी छुट्टी का समय होने वाला था। इसी दौरान आरोपी शोरूम पहुंचा। बताया जा रहा है कि आरोपी और शबनम पहले से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों के बीच दोस्ती थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों से उनके संबंधों में तनाव चल रहा था।
चेंजिंग रूम में ले जाकर किया हमला
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने शबनम को शोरूम के चेंजिंग रूम में ले जाकर धारदार हथियार से उसके गले पर वार किया। हमला इतना गंभीर था कि अधिक खून बहने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शोरूम से निकल गया। किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी। रात करीब नौ बजे शोरूम बंद करने से पहले कर्मचारी चेंजिंग रूम की तरफ पहुंचे तो वहां शबनम का शव देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सीसीटीवी से आरोपी की तलाश
सूचना मिलते ही मोती नगर थाना पुलिस और जांच टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शोरूम के भीतर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। साथ ही दोनों के बीच पिछले कुछ महीनों से चल रही अनबन, हत्या से पहले हुई बातचीत और वारदात की वजह की पड़ताल की जा रही है। एकतरफा प्यार समेत अन्य पहलुओं को भी जांच में शामिल किया गया है।