दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग ने बृहस्पतिवार को दिल्ली दंगों पर गठित अपनी कमेटी की अंतिम रिपोर्ट सार्वजनिक की। आयोग में रिपोर्ट दंगों को गहरी साजिश करार देते हुए इसके पीछे भाजपा नेताओं की भूमिका होने की बात कही है। रिपोर्ट भाजपा नेताओं को हिंसा उकसाने वालों के तौर पर देखती है।
आयोग की रिपोर्ट में कहा गया है कि दिल्ली हिंसा पूर्व नियोजित और लक्ष्य केंद्रित थी। इसमें उन भाजपा नेताओं के नाम गिनाए गए हैं, जिनके बयानों के बाद हिंसा भड़की और मुसलिम समुदाय की संपत्तियों को लूटा गया। हिंसा में इबादतगाह, धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया गया।
दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि पुलिस के जरिए दाखिल की गई चार्जशीट काफी नहीं है, ईमानदारी से काम होना चाहिए।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के वकील एमआर शमशाद की अध्यक्षता में आयोग ने 23-27 फरवरी को हुए दंगों की जांच के लिए कमेटी गठन किया था। कमेटी ने 134 पन्नों की अपनी रिपोर्ट 27 जून को दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग को सौंप दी थी। इसे आयोग ने बृहस्पतिवार को सार्वजनिक किया। रिपोर्ट में सिलसिलेवार ढंग से दंगों के शुरुआत से अंत तक का ब्योरा दिया है।