दिवाली पर पटाखे फोड़ने को लेकर दोस्तों के बीच हुए विवाद को सुलझाने पहुंचे 17 साल के मोनू को भी अपनी जान से हाथ धोना पड़ गया। मोनू का नाबालिग के पिता ने सिर फोड़ दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना दिवाली के दिन आनंद पर्वत के बलजीत नगर स्थित पंजाबी बस्ती की है। मंगलवार को मोनू का अंतिम संस्कार किया गया। पिता की मौत के बाद मोनू अपनी मां खुशबू का आखिरी सहारा था।
उधर, पुलिस ने हत्या के मामले में 44 साल के मुन्ना और उसके नाबालिग बेटे को पकड़ा है। पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के अनुसार, एक दूसरे नाबालिग के पिता ने झगड़े के दौरान मोनू के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया था। गंभीर हालत में उसे लेडी हार्डिंग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नानी से बोलकर निकला, थोड़ी देर में आता हूं
मृतक की नानी कांता देवी ने बताया कि मोनू के कुछ दोस्त उसे घर बुलाने आए थे। उनके पूछने पर मोनू ने कह कि थोड़ी देर में आ रहा हूं। दरअसल, उसके दोस्तों का एक नाबालिग से झगड़ा हुआ था। मोनू अपने दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचा तो उसके दोस्त वहां से भाग निकले।
इसी दौरान दूसरे नाबालिग के पिता ने पीछे से मोनू पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। नानी का आरोप है कि मोनू नाले के पास गिर गया था, जिसके बाद उस पर दोबारा हमला किया गया। इस हमले में उसका सिर फ्रैक्चर हो गया और उसकी मौत हो गई।
बड़ा भाई पैरोल पर अंतिम संस्कार में पहुंचा
मां खुशबू पति की मौत के बाद अपने मायके में मां के साथ रहती है। उसका बड़ा बेटा चोरी के मामले में मुखर्जी नगर स्थित बाल सुधार गृह में बंद है। छोटे भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उसे पुलिस की निगरानी में पैरोल पर लाया गया।