दिल्ली के आजादपुर मंडी के पास 14 साल के नाबालिग ने सब्जी विक्रेता की गर्दन पर चाकू लगाकर उससे लूटपाट की। नाबालिग ने अपने दोस्त के साथ वारदात को अंजाम दिया, लेकिन इससे पहले कि वह भाग पाता, सब्जी विक्रेता ने उसके ऊपर टमाटरों से भरी पेटी गिराकर उसे दबोच लिया, जबकि नाबालिग का दोस्त रुपये लेकर फरार हो गया।
लोगों ने आरोपी की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। महेंद्र पार्क थाना पुलिस ने नाबालिग को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में पेश कर उसे बाल सुधार गृह भेज दिया है, जबकि उसके दोस्त की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, विकास सपरियार पूठखुर्द (बवाना) में रहता है। वह सब्जी विक्रेता है। बुधवार सुबह वह आजादपुर मंडी में सब्जियां खरीदने आया था। वह टमाटर की पेटी खरीदकर उसे सिर पर रखकर गेट संख्या-पांच के पास जा रहा था।
इसी दौरान दो लड़के उसके पास आए। एक ने उसकी गर्दन पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी और दूसरे ने उसकी जेब से दस हजार रुपये निकाल लिए और फरार हो गया।
विकास ने विरोध करते हुए चाकू लगाने वाले लड़के पर टमाटर की पेटी पटक दी। लड़के के पैर पर पेटी गिरने से वह तिलमिला गया। उसके बाद विकास ने उस लड़के को दबोच लिया। विकास के शोर मचाते ही वहां काफी लोग जमा हो गए और आरोपी की धुनाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। जांच में पता चला कि पकड़े गए लड़के की उम्र 14 साल है।