फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मिड-डे मील में मरी चुहियाः आप विधायक के ससुर के NGO से खाना सप्लाई

Sat, 18 Feb 2017 02:58 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
ज‌िस एनजीओ ने सप्लाई क‌िया खाना उसके न‌िदेशक हैं आप व‌िधायक अजय दत्त के ससुर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
देवली स्थित गवर्नमेंट ब्वॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मिड-डे मील में मरी हुई चुहिया मिलने के मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। संगम विहार थाने में स्कूल में खाना सप्लाई करने वाले एनजीओ के मालिकों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।
विज्ञापन


इंडियन एक्सप्रेस में छपी खबर के अनुसार ‌खाना सप्लाई करने वाले एनजीओ के न‌िदेशकों में एक कुंवर पाल सिंह आप विधायक के ससुर हैं। बता दें कि खाना सप्लाई करने वाले एनजीओ जन चेतना जागृति एवं शैक्षणिक विकास के निदेशक कुंवर पाल, अंबेडकर नगर से आप विधायक अजय दत्त के ससुर हैं।

इस बारे में जब कुंवर पाल सिंह से पूछा गया तो वो बोले कि, 'किसी का रिश्तेदार होना गुनाह तो नहीं है। हां मैं हूं उनका ससुर।' हालांकि इस मामले में शुक्रवार शाम तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया था। दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी रोमिल बानिया ने एफआईआर दर्ज करने की पुष्टि की है।
विज्ञापन

जो भी दोषी है वह नहीं बचेगा : द‌िलीप पांडेय

म‌िड डे मील में म‌िला चूहा 9 बच्चे बीमार, स‌िसोद‌िया पहुंचे - फोटो : अमर उजाला
इस मामले में आप विधायक अजय दत्त से कोई बात नहीं हो सकी है। लेकिन जब आप ‌दिल्ली आप के संयोजक दिलीप पांडेय से सवाल किया गया तो वो बोले, 'मुझे दोनों के रिश्ते के बारे में कोई जानकारी नहीं है लेकिन अगर ऐसा कुछ है तो भी इस मामले के लिए जिम्मेदार शख्स को बख्शा नहीं जाएगा।'

गौरतलब है कि देवली स्थित गवर्नमेंट ब्वॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मिड-डे मिल में छात्रों को आलू की सब्जी और पूड़ी दी गई थीं। आलू की सब्जी में मरी हुई तीन चुहिया मिली थी। खाना खाने के एक घंटे बाद छठवीं, सातवीं और आठवीं के नौ छात्र बीमार हो गए थे।

पुलिस ने खाने को भी फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही इस मामले में गैर इरादतन हत्या आदि की धाराएं जोड़ी जा सकती है।

जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। ये माना जा रहा है कि इस मामले में जल्द ही गिरफ्तारियां हो सकती हैं। जांच में ये भी देखा जा रहा है कि स्कूल प्रशासन इस लापरवाही के लिए कितना जिम्मेदार है। अस्पताल में भर्ती सभी छात्रों की हालत खतरे से बहार बताई जा रही है। कुछ छात्रों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

लापरवाही बरतने वाले पर होगी कड़ी कार्रवाई : सिसोदिया

म‌िड डे मील में म‌िला चूहा 9 बच्चे बीमार, स‌िसोद‌िया पहुंचे - फोटो : अमर उजाला
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि राजधानी में जो भी गैर सरकारी संगठन मिड-डे मील की आपूर्ति करते हैं, उनकी रसोई का निरीक्षण प्रधान सचिव व सचिव स्तर के आईएएस अधिकारी अगले एक हफ्ते में करेंगे। जो भी कमियां सामने आएंगी, उसकी रिपोर्ट देंगे। लापरवाही बरतने वाले को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

सिसोदिया ने कहा कि मिड-डे मील में मरे हुए चूहे निकलने के मामले में बीमार बच्चों के अस्पताल जाकर मिला। उनके परिजनों से बातचीत की। ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। निरंतर निरीक्षण के निर्देश मुख्य सचिव को दिए हैं।

जिसने कहीं भी ठेका ले रखा है। चाहे उसकी कितनी भी बड़ी जान पहचान हो, किसी का भी रिश्तेदार हो, छोड़ेंगे नहीं। बच्चों के मामले में लापरवाही सामने आने पर अंतिम अंजाम तक लेकर जाएंगे।

दूसरी तरफ देवली के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को सामान्य तरह से कक्षाएं लगीं। मिड-डे मील में मरे हुए चूहे निकलने की सूचना को देखते हुए स्कूल के बाहर बार-बार कुछ लोग भी जमा हो रहे थे जिन्हें हटाने के लिए वहां पुलिस मौजूद थी। आम दिनों के मुकाबले मिड-डे मील करीब आधा घंटे देरी से आया। खाने में दाल चावल आया था लेकिन कहां से बनकर आया, इसकी जानकारी नहीं थी।
विज्ञापन

सरकारी स्कूलों की दयनीय दशा पर भड़के भाजपा नेता

म‌िड डे मील में म‌िला चूहा 9 बच्चे बीमार, स‌िसोद‌िया पहुंचे - फोटो : अमर उजाला
दिल्ली प्रदेश भाजपा ने सरकारी स्कूलों की दयनीय स्थिति और देवली के एक स्कूल में मिड-डे मील की घटना के विरोध में शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस बैरिकेड तोड़ दिए, इसके चलते पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

प्रदर्शन में सांसद रमेश बिधूड़ी, प्रदेश महामंत्री रवींद्र गुप्ता, जिला अध्यक्ष आजाद सिंह और मिथिलेश सिंह आदि भी शामिल हुए। इस मौके पर रमेश बिधूड़ी ने कहा कि देवली बांध स्थित बचन राम स्कूल में मिड-डे मील की घटना दिल्ली के स्कूलों में कुप्रबंधन की कोई अकेली घटना नहीं है। इलाके के सरकारी स्कूलों की दशा दयनीय है।

एक-एक कमरे में 80-90 बच्चों को बैठाया जा रहा है। स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है। ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों में तो विज्ञान व वाणिज्य विषयों की पढ़ाई भी नहीं होती। वहीं रवींद्र गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल सरकार के बड़े दावों के बावजूद सरकारी स्कूलों की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।

दूसरी ओर दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने उपराज्यपाल से अनुरोध किया कि वे दिल्ली सरकार के स्कूलों में मिड-डे मील सप्लाई करने वाली संस्थाओं की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा से जांच कराएं। भ्रष्टाचार के साथ-साथ खाने की गुणवत्ता की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने जांच के उपरांत दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने पर जोर दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें