आज से लागू होगी व्यवस्था, निर्माण स्थलों और आसपास की सड़कों पर धूल नियंत्रण पर रहेगा जोर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी में बढ़ते प्रदूषण पर अंकुश लगाने और निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। 22 अक्तूबर से मेट्रो नेटवर्क पर सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन 20 अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। इससे यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने और सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप)-1 लागू होने के बाद डीएमआरसी ने प्रदूषण नियंत्रण के प्रयास तेज कर दिए हैं। इसके तहत मेट्रो निर्माण स्थलों के भीतर और आसपास धूल कम करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान में सड़कों से मिट्टी और धूल हटाने के साथ फुटपाथों तथा सड़क डिवाइडरों की सफाई पर भी ध्यान दिया जाएगा।
निर्माण स्थलों पर तैनात इंजीनियरों को आसपास की सड़कों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि निर्माण सामग्री ढककर रखी जाए और निर्माण स्थलों से बाहर निकलने वाले वाहनों के पहियों की सफाई के लिए लगाए गए वॉश सिस्टम सही ढंग से काम करें। इससे सड़कों पर मिट्टी और धूल फैलने की आशंका कम होगी।