अगर आप इंडिया गेट पर हैं और आपको अपना नजदीकी मेट्रो स्टेशन व वहां तक पहुंचने का रास्ता नहीं मालूम है तो फिक्र करने की जरूरत नहीं है।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की दिल्ली मेट्रो मोबाइल एप आपको सबसे नजदीकी स्टेशन तक पहुंचाने में मदद करेगा। सोमवार को केंद्रीय आवास व शहरी कार्य मंत्रालय सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा व डीएमआरसी के एमडी मंगू सिंह ने एप के अपग्रेडेड वर्जन को लांच किया।
पैंसेजर फ्रेंडली बनाने के लिए इसमें कई नए फीचर जोड़े गए हैं। दिल्ली मेट्रो के नए मोबाइल एप को गूगल अर्थ से जोड़ा गया है। इसकी मदद से यात्रियों को पता चल जाएगा कि उनका नजदीकी मेट्रो स्टेशन कौन सा है। साथ ही गूगल मैप वहां तक पहुंचने का रास्ता भी बताएगी।
इसके सहारे यात्री जरूरत के हिसाब से पैदल या सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करते हुए मेट्रो स्टेशन तक पहुंच सकेंगे। इसके अलावा नए एप में दूसरी भी खूबियां हैं।