दिल्ली सरकार की बीते दस दिनों से किराया बढ़ोतरी रोकने की हर कोशिश नाकाम हो गई। सोमवार को दिल्ली सरकार की मांग पर अंतिम समय में दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन बोर्ड सदस्यों की आपात बैठक बुलाई गई।
करीब डेढ़ घंटे तक चली बैठक में किराया बढ़ोतरी पर ही सहमति बनी। अब मेट्रो का किराया अपने तय समय पर 10 अक्तूबर यानी मंगलवार को लागू हो गया। अब अधिकतम किराया 50 रुपये से बढ़कर 60 रुपये हो जाएगा। सिर्फ 0 से 2 किलोमीटर की श्रेणी को छोड़कर सभी वर्गों में यात्रा करने वालों को ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ेगी।
मेट्रो किराये बढ़ोतरी को कब-कब क्या हुआ
10 मई को पहले चरण का किराया बढ़ने के साथ अक्तूबर में किराया बढ़ोतरी की घोषणा की गई।
28 सितंबर को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर विरोध जताया।
29 सितंबर को मुख्यमंत्री ने केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी को लिखकर बढ़ा किराया रोकने की मांग उठाई।
03 अक्तूबर को मुख्यमंत्री ने अपने परिवन मंत्री मुख्य सचिव के साथ बैठक कर इमरजेंसी बोर्ड बैठक बुलाने की मांग की।
06 अक्टूबर को दिल्ली के परिवहन मंत्री ने डीएमआरसी चीफ को हटाने तक की चेतावनी दी।
07 अक्तूबर को हरदीप सिंह पुरी केजरीवाल के पत्र का जवाब देते हुए किराया बढ़ोतरी रोकने का अधिकार नहीं होने की बात कही।
08 अक्तूबर को केजरीवाल ने फिर पलटवार किया और कहा कि वह अपने हिस्से का सब्सिडी देने के साथ डीएमआरसी का अधिग्रहण करने को तैयार हैं।
09 को अक्तूबर दिल्ली विधानसभा में इस पर चर्चा बुलाई गई तो उधर केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने फिर किराया में हस्तक्षेप से इनकार किया।
09 अक्तूबर को देर शाम डीएमआरसी बोर्ड चेयरमैन ने आपात बैठक बुलाई, जिसमें किराया बढ़ोत्तरी पर सहमति बनी।
ये हैं सामान्य दिन व अवकाश के दिनों में किराए की दर
दूरी मौजूदा किराया 10 अक्तूबर
0-2 10 10
2-5 15 20
5-12 20 30
12-21 30 40
21-31 40 50
32 से ऊपर 50 60
राष्ट्रीय अवकाश व रविवार को क्या होगा किराया
दूरी मौजूदा किराया 10 अक्तूबर
0-2 10 10
2-5 10 10
5-12 10 20
12-21 20 30
21-32 30 40
32 से ऊपर 40 50
(नोट: किराया रुपये में है। दूरी किलोमीटर में है।)
दिल्ली सरकार की कोशिशें नाकाम
बता दें कि दिल्ली सरकार की लगातार बोर्ड बैठक बुलाने की मांग पर बोर्ड के चेयरमैन व केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने सोमवार रात 8 बजे आपात बैठक बुलाई।
बैठक में दिल्ली सरकार के सभी नामित सदस्यों ने सरकार का पक्ष रखा, लेकिन बोर्ड ने डीएमआरसी एक्ट की धारा 37 का हवाला देकर किराया बढ़ोतरी को लागू करने की मंजूरी दे दी। बोर्ड ने कहा कि धारा 37 के मुताबिक बोर्ड किराया निर्धारण समिति (एफएफसी) की सिफारिशों को मानने के लिए बाध्य हैं।
बोर्ड की बैठक के बाद अब यह मंगलवार को किराया बढ़ जाएगा। 2 से 5 किलोमीटर की दूरी वालों को सिर्फ मौजूदा किराये से 5 रुपये अधिक देने होंगे तो बाकी स्लैब में 10-10 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
राष्ट्रीय अवकाश व रविवार को पहले की ही तरह छूट मिलेगी। लेकिन यह छूट नए बढ़े हुए किराये के हिसाब से होगी। राष्ट्रीय अवकाश व रविवार वाले दिन सबसे ज्यादा नुकसान 5 से 12 किलोमीटर तक का सफर करने वाले यात्रियों को होगा क्योंकि अभी उन्हें इसके लिए 10 रुपये देने होते हैं लेकिन अब यह 20 रुपये हो जाएगा।