नोएडा सिटी सेंटर से इलेक्ट्रॉनिक सिटी के बीच 6.675 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन शनिवार से शुरू हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोपहर 1:10 मिनट पर ग्रेटर नोएडा में हरी झंडी दिखाई। जिसके बाद इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्टेशन से पहली मेट्रो सिटी सेंटर की ओर मेट्रो रवाना हो गई। हालांकि, शाम 4 बजे से यात्रियों के लिए मेट्रो रेल सेवा की शुरुआत की गई।
इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन नोएडा व गाजियाबाद के बॉर्डर पर बनाया गया है। इसका लाभ इंदिरापुरम, गाजियाबाद के लोगों को भी मिलेगा। नोएडा के सेक्टर- 59, 61, 62 और 63 स्थित कॉरपोरेट ऑफिस और औद्योगिक इकाइयों में काम करने वालों की राह भी आसान हो जाएगी।
मेट्रो की कनेक्टिविटी से नोएडा और दिल्ली के फोर्टिस, लाइफ केयर, एम्स, गंगाराम और सफदरजंग जैसे अस्पताल जुड़ जाएंगे। इस खंड के खुलने के बाद द्वारका सेक्टर-21 से इलेक्ट्रॉनिक सिटी तक मेट्रो के ब्लू लाइन कॉरिडोर की लंबाई बढ़कर 56.46 किलोमीटर हो गई है।
यह है परिचालन योजना
सिटी सेंटर से इलेक्ट्रॉनिक सिटी के बीच छह स्टेशनों का सफर 12.23 मिनट में तय किया जा सकेगा। पीक आवर के दौरान 5.26 मिनट के अंतराल पर मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी।
इलेक्ट्रॉनिक सिटी-नोएडा सिटी सेंटर कॉरिडोर पर मेट्रो की फ्रीक्वेंसी पीक आवर में 5.26 मिनट की रहेगी। वहीं, पूरे कॉरिडोर की यात्रा में 12.23 मिनट का समय लगेगा। हालांकि, माना यह जा रहा है कि अभी सिटी सेंटर तक आने वाली सभी ट्रेनें इलेक्ट्रॉनिक सिटी तक नहीं आएंगी।
...लेकिन पार्किंग की टेंशन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
डीएमआरसी के मुताबिक सेक्टर-52 और इलेक्ट्रॉनिक सिटी (Sector 62) के मेट्रो स्टेशन पर ही पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अन्य चार स्टेशनों सेक्टर-34, सेक्टर-61, सेक्टर-59 और सेक्टर-62 पर पार्किंग का प्रावधान नहीं है।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम के प्रबंध निदेशक मंगू सिंह ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो रेल परियोजना फेस-3 का अंतिम स्टेशन है।
एफओबी (पैदल पुल) का लाभ सभी को मिलेगा
इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन के पास 18 मीटर की ऊंचाई पर एक एफओबी का निर्माण किया जा रहा है। यह करीब-करीब बनकर तैयार हो चुका है। यह मेट्रो तक जाने के लिए सड़क के दोनों ओर तैयार किया जा रहा है। खास बात यह कि अगर किसी को केवल रास्ता पार करना है तो भी वह उसका उपयोग कर सकता है।
एक्वा और ब्लू लाइन के बीच राह आसान
सिटी सेंटर से इलेक्ट्रॉनिक सिटी के बीच मेट्रो रेल सेवा शुरू होने के बाद नोएडा-ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाली एक्वा लाइन को भी ऑक्सीजन मिलने की उम्मीद जगी है। दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन से नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के बीच राह आसान बनाने के लिए शनिवार को ई-रिक्शा की सुविधा शुरू कर दी गई। एनएमआरसी की तरफ से सेक्टर-51 और सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर पांच-पांच ई-रिक्शा उपलब्ध कराए गए हैं जो यात्रियों को निशुल्क एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक पहुंचाएंगे।
अधिकारियों ने किया निरीक्षण
सांकेतिक तस्वीर
आवासन एवं शहरीकरण मंत्रालय के सचिव डीके मिश्रा, डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक मंगू सिंह और एनएमआरसी के कार्यकारी निदेशक पीडी उपाध्याय ने दोनों स्टेशनों का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने ई-रिक्शा में बैठकर एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन के बीच का सफर तय किया। यात्रियों की सहूलियत के लिए इससे संबंधित साइन बोर्ड दोनों स्टेशनों पर लगा दिए गए हैं।
एक माह में बनेगा वॉक वे
एक्वा लाइन के सेक्टर-51 और ब्लू लाइन के सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के बीच फिलहाल कोई कनेक्टिविटी नहीं है। हालांकि, ई-रिक्शा की सुविधा दी गई है। इसके अलावा दोनों स्टेशनों के बीच करीब 300 मीटर लंबा वॉक वे बनाया जाएगा। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक महीने में इसे बनाने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को डीएमआरसी व एनएमआरसी के अधिकारियों ने इसके लिए पैदल चलकर निरीक्षण भी किया।