शालीमार बाग स्थित मैक्स अस्पताल का लाइसेंस रद्द होने के मामले में दिल्ली मेडिकल काउंसिल ने अब डॉक्टरों से भी जवाब मांगा है। बताया जा रहा है कि अस्पताल प्रबंधन के जवाब से असंतुष्ट डीएमसी ने प्रसूति रोग और शिशुरोग विभाग के डॉक्टरों से जवाब-तलब किया है।
बता दें कि अस्पताल का लाइसेंस रद्द होने के साथ ही दिल्ली मेडिकल काउंसिल ने भी नवजात बच्चे को मृतक घोषित करने और बाद में उसके जिंदा होने के मामले में संज्ञान लिया था। इसके बाद अस्पताल की ओर से काउंसिल को जवाब दिया गया।
साथ ही पुलिस की ओर से भी कानूनी कार्रवाई की गई। लेकिन अस्पताल की लंबी-चौड़ी रिपोर्ट में कहीं भी डॉक्टरों का जिक्र नहीं है। दिल्ली मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रार डॉ. गिरीश त्यागी ने अमर उजाला को बताया कि कुछ दिन पहले ही मैक्स अस्पताल की ओर से जवाब दाखिल किया गया था। लेकिन उसमें डॉक्टरों का जवाब शामिल नहीं था। इसलिए दोबारा नोटिस दिया है।