इन प्रस्तावों को पास कराना चाहती है आप
सदन में पिछली बैठक हंगामे के चलते महज पांच मिनट ही चल पाई थी और इस बीच 50 से ज्यादा प्रस्ताव बिना चर्चा के पास किए गए थे। इस बार सदन की बैठक में निगम स्कूलों के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगाने, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती करने और सफाई कर्मियों को नियुक्त करने का प्रस्ताव हैं। डीबीसी कर्मियों के आश्रितों की भर्ती के संबंध में भी एजेंडा हैं, फिल्म पॉलिसी में परिवर्तन और एक जून को म्यूनिसिपल डे मनाने से संबंधित प्रस्ताव भी इसमें शामिल हैं।
इस प्रस्ताव को लेकर है विवाद
एजेंडे में शामिल एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव को लेकर सत्ता पक्ष ने पहले ही पल्ला झाड़ लिया है कि ये निगम अधिकारियों द्वारा एजेंडे में शामिल किया गया प्रस्ताव है। इस प्रस्ताव को लेकर नेता विपक्ष राजा इकबाल सिंह ने सत्ता पक्ष पर गंभीर आरोप लगाया।
उनका आरोप है आप पार्टी निगम के अफसरों से सांठ गांठ कर दिल्ली में टोल टैक्स एकत्रित करने वाली कंपनी को करीब 46 करोड़ रुपये का भुगतान कराने संबंधी प्रस्ताव पास कराना चाहती है। उन्होंने बताया कि इससे पहले ये प्रस्ताव निगम के पूर्व विशेष अधिकारी अश्वनी कुमार के पास गया था, तब उन्होंने इस प्रस्ताव से संबंधित फाइल को कुछ आपत्तियां लगाकर वापस भेज दिया था। इसी प्रस्ताव को दोबारा सदन में लाकर पास कराने की तैयारी है। सदन में ये प्रस्ताव पास हुआ तो विपक्ष इसका जबरदस्त विरोध करेगा।
भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर लगाया आरोप
प्रदेश भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर एमसीडी के कामकाज के संबंध में निशाना साधा है।भाजपा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी लगातार एमसीडी को कमजोर करने व से पंगू बनाने में लगी है। इस कड़ी में वह उसके अधिकार व कार्य दिल्ली सरकार को सौंप रही है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी एमसीडी में स्थायी समिति का गठन न होने की आड़ में गैर कानूनी तौर पर सदन में महत्वपूर्ण योजनाओं के प्रस्ताव पास कर रही है। लिहाजा वह इस मामले की उपराज्यपाल के पास शिकायत करेगी।
प्रदेेश भाजपा ने बुधवार को एमसीडी सदन की बैठक से पहले आम आदमी पार्टी के खिलाफ प्रदेश महामंत्री कमलजीत सहरावत, एमसीडी नेता प्रतिपक्ष राजा इकबाल सिंह, उप नेता जयभगवान यादव, पार्षद शिखा राय, संदीप कपूर, जयभगवान यादव और योगेश शर्मा को मैदान में उतारा। पार्टी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी एमसीडी को मनमाने ढंग से चलाने की कोशिश कर रही है और अपने फायदों के लिए नए-नए प्रस्ताव लेकर आ रही है।
कमलजीत सहरावत ने कहा कि चुनाव से पहले केजरीवाल ने हाउस टैक्स खत्म करने का वायदा किया था और आज हाउस टैक्स को हथियार बनाकर लोगों को परेशान करने के लिए कई शर्त लागू कर दी है। टैक्स के कई मामलों में छूट खत्म कर दी, वहीं एक मामले में छूट कम की है। गांवों में करोड़ों रुपये के नोटिस भेजे जा रहे हैं। वहीं राजा इकबाल सिंह ने कहा कि आप पीडब्ल्यूडी सड़कों के एमसीडी से जुड़े कार्यों को दिल्ली सरकार को देेने के लिए बार-बार प्रस्ताव लेकर आ रही है। इस मामले में वह डीएमसी एक्ट का उल्लंघन कर रही है।
शिखा राय ने कहा कि आप चुनाव में किए गगए वादे के विपरित कार्य कर रही है। वह एमसीडी के कार्य को निजी हाथों में देने जा रही है। इसके अलावा मेयर एमसीडी सदन की बैठक की कार्यवाही में फेरबदल करती है। इस मामले में वह कानूनी कार्रवाई करेंगे।