बागपत यूपी से सब्जी लाकर आजादपुर मंडी में बेचने के बाद वापस जाने के दौरान डेयरियों से मवेशी चुराने वाले एक गैंग के चार सदस्यों को अलीपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने दो पिस्टल, दो कारतूस और वारदात में इस्तेमाल टाटा 407 बरामद किया है। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से छह मामले सुलझाने का दावा किया है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव कोटाना बागपत यूपी निवासी इंतेजार, सलीम, सज्जाद और इंतजार के रूप में हुई है। कुछ समय से अलीपुर इलाके में मवेशियों की चोरी के मामले सामने आ रहे थे। 21 जून को खेड़ाकलां निवासी रवि कुमार ने थाने में मवेशी लूटने की शिकायत की। उसने बताया कि वह डेयरी का मालिक है। 20 जून की रात उसके डेयरी से तीन बदमाश एक मवेशी को लेकर जाने लगे। जब उसने विरोध किया तो बदमाशों ने उसे गोली मारने की धमकी दी।
उसके बाद मवेशी को टाटा 407 पर लादकर चले गए। थाना प्रभारी संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आस पास के सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया। पुलिस ने करीब पचास सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के बाद बदमाशों के रूट का पता लगाते हुए बागपत यूपी पहुंची। साथ ही वाहन के नंबर के जरिए पुलिस कोटना गांव पहुंची।
जहां पुलिस को उक्त टाटा 407 वाहन मिला। पुलिस बदमाशों के बाहर निकलने के लिए तीन दिनों तक इंतजार किया। 27 जून की रात बदमाश एकत्र हुए और फिर वहां से रवाना हुए। पुलिस की टीम उस वाहन का पीछा करने लगी। बदमाश दिल्ली की ओर जा रहे थे। पल्ला टोल के पास पुलिस टीम ने सभी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों ने बताया कि वह बागपत से सब्जी लादकर दिल्ली के आजादपुर मंडी जाते हैं। वहां पर सब्जी उतारने के बाद रास्ते में डेयरी से मवेशियों की चोरी कर उसे यूपी में बेच देते हैं।