मॉडल टाउन में निर्माणाधीन इमारत में एक युवक ने पैसों को लेकर हुए विवाद और अपमान से नाराज होकर अपने सहकर्मी की लोहे की छड़ और सब्बल से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी की पहचान राहुल उर्फ गुलाब के रूप में हुई है, जबकि मृतक की पहचान 28 वर्षीय दिलीप कुमार के रूप में की गई है। दोनों निर्माणाधीन इमारत में चौकीदार थे। पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के मुगलसराय रेलवे स्टेशन से तलाशी अभियान के बाद गिरफ्तार किया।
उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वारदात उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के डेरावाल नगर स्थित एक निर्माणाधीन इमारत में हुई, जहां दोनों काम करते थे। मृतक ठेकेदार से पैसे लेता था, लेकिन राहुल के बिहार स्थित अपने गांव जाने के लिए आर्थिक मदद मांगने पर भी वह उसे पैसे देने से इन्कार कर देता था। पुलिस ने बताया कि दिलीप आरोपी को अपमानित भी करता था। चार नवंबर को पैसे मांगने पर दोनों के बीच फिर झगड़ा हुआ।
पुलिस के अनुसार, इस दौरान राहुल अपना आपा खो बैठा और दिलीप के सिर, माथे तथा गर्दन पर लोहे की छड़ और सब्बल से कई वार किए, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और मौत हो गई। पांच नवंबर को मॉडल टाउन पुलिस थाने में एक पीसीआर कॉल आई, जिसमें एक इमारत में एक व्यक्ति के बेहोश पड़े होने की सूचना दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पार्किंग में एक खाट पर व्यक्ति का शव मिला।
जांच के दौरान उसके भतीजे कपिल पटेल ने पुलिस को बताया कि निर्माण स्थल पर काम करने वाला राहुल अक्सर दिलीप से झगड़ा करता था। अधिकारी ने बताया कि कपिल ने यह भी बताया कि चार नवंबर को हुए विवाद के दौरान आरोपी ने दिलीप को जान से मारने की धमकी दी थी।
अगली सुबह राहुल अपने सामान के साथ फरार मिला, जिससे उसकी भूमिका पर संदेह गहरा गया। इसके बाद आरोपी की तलाश के लिए एक टीम गठित की गई और स्थानीय स्तर पर सूचना जुटाई गई। पुलिस को राहुल के मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर होने का पता चला और रेलवे कर्मचारियों के साथ समन्वय कर ट्रेनों के डिब्बों की तलाशी ली। इसी दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया।