गुरुग्राम के एक युवक ने दिल्ली के आदर्श नगर में पेड़ से लटककर फांसी लगा ली। मृतक की शिनाख्त सुरेंद्र (19) के रूप में हुई है। पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। सोमवार सुबह सूरज सिंह वाटिका पार्क में टहलने आए लोगों ने पेड़ से लटका शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार सुरेंद्र पिछले कुछ समय से बेरोजगार था। परिजन उसे ताने मारते थे। पुलिस आशंका जता रही है कि इससे परेशान होकर सुरेंद्र ने यह कदम उठाया। पुलिस उसके परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक सुरेंद्र परिवार के साथ वार्ड नंबर-3, मुबारकपुर, गुरुग्राम में रहता था। परिवार में पिता खेमचंद व अन्य सदस्य हैं। वह परिजनों के तानों से नाराज होकर शनिवार को गुरुग्राम से अपनी बुआ के घर दिल्ली के धीरपुर आ गया था। बुआ ने सुरेंद्र को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह घर वापस जाने को तैयार नहीं हुआ।
शाम को अचानक वह बुआ के घर से निकल गया। इस बीच वह न तो घर पहुंचा और न ही बुआ के घर लौटा। परिजन उसकी तलाश करते रहे। इस बीच सुबह आदर्श नगर की सूरज सिंह वाटिका में पेड़ से लटका युवक का शव देखकर लोगों ने सुबह 5.55 बजे सूचना पुलिस दी। जेब से मिले कागजातों के आधार पर युवक की पहचान सुरेंद्र के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजन भी दिल्ली पहुंच गए।