दिल्ली के प्रह्लादपुर निवासी भीम सिंह ने एमटूके मॉल में खुद को आग लगाकर आत्मदाह करने की कोशिश की, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि रिपेयर होने में देरी के चलते नाराज होकर भीम सिंह(45) ने आत्मदाह की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार भीम सिंह ने एक माह पहले एक फोन खरीदा था। फोन लगातार गर्म हो रहा था, जिसकी वजह से वह मॉल में स्थित सर्विस सेंटर में लगातार आ रहा था और फोन बदलने की मांग कर रहा था, लेकिन सर्विस सेंटर वाले इससे इंकार कर रहे थे।
शुक्रवार को वह सर्विस सेंटर आया था। सर्विस सेंटर वालों के मना करने पर अपनी स्कूटी से पेट्रोल निकालकर उसने अपने ऊपर डाल लिया और फिर खुद को आग के हवाले कर दिया। आस-पास के लोगों ने आग बुझाई और पुलिस की मदद से उसे अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।