लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद सोशल मीडिया पर तमाम ग्रुप सक्रिय हो गए। आप समर्थकों में चुप्पी छाई रही, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं की पटाखे जलाने वाली वीडियो खूब वायरल हुआ। इस बीच यूजर पोस्ट, स्टोरी, हैशटैग, वीडियो इत्यादि के जरिये दिल्ली की सातों सीटों को भाजपा के हवाले करने पर चर्चा करते रहे।
इसकी शुरुआत तब हुई जब एक यूजर ने लिखा, केजरीवाल ने दिल्ली के लिए बहुत कुछ किया था, लेकिन यहां के लोगों ने उन पर बिल्कुल भी दया नहीं दिखाई। इसके जवाब में एक अन्य यूजर ने लिखा, दिल्लीवासी चाहते ही थे कि वह जेल में रहे, इसलिए उन्होंने भाजपा को जिताया है। वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा कि केजरीवाल ने मुफ्त में बिजली और पानी दिया है, इसके बावजूद कई लोगों को हजारों रुपये का बिल आता है। इसलिए उन्होंने सातों सीटें भाजपा को दे दी है।
वहीं, एक और यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, लोगों ने जेल का जवाब वोट से ही दिया था, लेकिन उसमें वोट शब्द ब्लर हो गया है। इसलिए कहीं नजर नहीं आ रहा है। वहीं, एक अन्य यूजर ने कन्हैया के लिए एक पुराना मीम शेयर करते हुए लिखा, पिताजी मैं फिर से फेल हो गया।