उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी मनोज तिवारी एक लाख से भी अधिक वोट से आगे चल रहे हैं। यहां उनके सामने कांग्रेस ने कन्हैया कुमार चुनावी मैदान में उतारा। लोकसभा की उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट भाजपा का गढ़ मानी जाती है। इस बार के मुकाबले की सबसे दिलचस्प बात यह रही कि यहां पर जंग विचारधारा के बीच देखने को मिली। यहां लड़ाई भाजपा बनाम वामपंथ दिखी। हालांकि, कन्हैया कुमार ने चुनाव कांग्रेस पार्टी से लड़ा, लेकिन उनकी पहचान वामपंथी नेता की है। इसलिए उत्तरपूर्वी दिल्ली पर इस बार मुकाबला रोचक रहा है।
कौन हैं मनोज तिवारी
उत्तर पूर्वी लोकसभा सीट पर बीजेपी के मनोज तिवारी तीसरी बार सांसद बनने जा रहे हैं। पार्टी ने एक बार फिर उनके ऊपर भरोसा जताया है। तिवारी एक अभिनेता, गायक भी हैं, जो भोजपुरी फिल्मों में काम कर चुके हैं। उत्तर पूर्वी दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार मनोज तिवारी ने चुनावी हलफनामे में चल और अचल संपत्ति 28,02,79,037 रुपये बताई है। इसमें 10,50,79,037 रुपये की चल संपत्ति व 17,52,00,000 रुपये की अचल संपत्ति शामिल है।
साल 2019 के चुनावी हलफनामे में उन्होंने कुल संपत्ति 24,28,17,031 बताई थी, जबकि उन पर 1,36,18,755 का कर्ज भी था। उनके पास 8,64,11,031 की चल संपत्ति थी तो 15,76,56,000 करोड़ की अचल संपत्ति थी। उन पर दो मामले में लंबित हैं। उन्होंने आमदनी का जरिया एक्टिंग, विज्ञापन, मॉडलिंग से होने वाली कमाई को बताया है। उनके पास बिहार के कैमूर में तीन कृषि भूमि और मुंबई, दिल्ली व वाराणसी में आवासीय संपत्ति है। इसके अलावा पांच कारें हैं। इनकी कीमत वर्तमान में 19.50 लाख रुपये हैं। इनमें ऑडी क्यू 7, मर्सिडीज बेंज, फॉर्च्यूनर, होंडा सिटी और इनोवा शामिल है।
जबकि पत्नी के पास भी तीन कारें हैं। इनकी 30.38 लाख रुपये हैं। पत्नी के पास 1,21,62,564 रुपये की चल संपत्ति है, जबकि 3,50,00,000 रुपये की अचल संपत्ति है। मनोज तिवारी के पास 155 ग्राम सोने के आभूषण हैं जिनकी कीमत 10.50 लाख रुपये है, जबकि पत्नी के पास 265 ग्राम सोने के आभूषण हैं जिनकी कीमत 18.65 लाख रुपये है।