पंजाबी बाग में फुटपाथ पर रहने वाले आवारागर्दों ने वृंदावन ज्वैलर्स में लूटपाट की थी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान कर चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से चांदी के जेवरात मिले हैं। वारदात को अंजाम देने के दौरान बदमाशों ने सोसायटी के गार्डों को भी बंधक बनाकर उनसे लूटपाट की थी।
जिला पुलिस उपायुक्त दीपक पुरोहित ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों की पहचान गुना मध्य प्रदेश निवासी आर्यमन, सीताराम, जाम बहादुर और विरेंद्र के रूप में हुई है। चारों अपने परिवार के साथ पंजाबी बाग इलाके के सड़क के पटरी पर रहते थे। इनके साथ रहने वाली महिलाएं और बच्चे लालबत्ती पर गुब्बारे, मास्क व अन्य सामान बेचते थे।
9 दिसंबर की देर रात मधुबन एंक्लेव सोसायटी के गार्ड चरणजीत सिंह(65) ने लूटपाट की शिकायत की। जिसमें उसने बताया कि तीन चार बदमाश पानी मांगने के बहाने सोसायटी में आए और फिर एक अन्य गार्ड के साथ बंधक बनाकर उनसे 45 सौ रुपये और टीवी लूट लिया और उसके बाद बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर पड़ोस में स्थित वृंदावन ज्वैलर्स का शर्टर तोड़कर लाखों के चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला। एसआई सचिन ने फुटेज की जांच करते हुए पाया कि जिन बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है वह पंजाबी बाग सड़क किनारे पटरी पर रहते हैं। लेकिन बदमाश वहां से दूसरे इलाके में अपना आशियाना बना लिया था।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की जांच करते हुए चारों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों ने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच छोटे बड़े चांदी के गिलास, चार चांदी के पायल और दो कमरबंद बरामद कर लिए। पुलिस बदमाशों से पूछताछ कर अन्य वारदातों की जानकारी हासिल कर रही है।